लखनऊ में अमित शाह ने नवचयनित 60,244 सिपाहियों को सौंपे नियुक्ति पत्र, बोले- अब यूपी में सिर्फ योग्यता…
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में रविवार को एक ऐतिहासिक अवसर देखने को मिला, जब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उपस्थिति में 60,244 नवचयनित सिपाहियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। यह कार्यक्रम लखनऊ के डिफेंस एक्सपो मैदान में आयोजित किया गया, जहां हजारों युवाओं के चेहरों पर नौकरी पाने की खुशी और देश सेवा के जज्बे की झलक साफ दिखाई दी।
गृह मंत्री बोले – यूपी पुलिस बन चुकी है देश के लिए मिसाल
नवचयनित सिपाहियों को संबोधित करते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, आज का दिन इन हजारों युवाओं के जीवन का सबसे अहम दिन है। ये सभी अब देश के सबसे बड़े राज्य की पुलिस सेवा का हिस्सा बन चुके हैं। यह सिर्फ नौकरी नहीं, बल्कि देश और समाज की सेवा का संकल्प है।
अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में एक समय था जब कानून-व्यवस्था बदहाल थी, लेकिन जब से योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री पद संभाला है, प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है। उन्होंने यह भी कहा कि इस भर्ती प्रक्रिया में न कोई पैसा लगा, न सिफारिश चली, और न ही किसी को पर्ची पकड़ाई गई सिर्फ और सिर्फ योग्यता के आधार पर चयन हुआ है। इसमें 12 हजार से ज्यादा बेटियां भी शामिल हैं। उनके चेहरे पर जो आत्मविश्वास और संतुष्टि है, वो दिखाता है कि उत्तर प्रदेश अब नए दौर में प्रवेश कर चुका है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह आयोजन एक ऐसे समय में हो रहा है, जब देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 11 वर्षों के सुशासन और सेवा युग का गवाह बन रहा है। उन्होंने कहा, पिछले आठ वर्षों में उत्तर प्रदेश सरकार ने 8.5 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी है बिना कोई भ्रष्टाचार, बिना कोई पक्षपात। यह कार्यक्रम इसी पारदर्शिता का प्रतीक है। योगी ने यह भी जोड़ा कि उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य में चुनौतियां जरूर थीं, लेकिन सरकार ने बिना झुके, बिना थमे, निरंतर कार्य किया और हर वर्ग को शासन की मुख्यधारा से जोड़ा।
उपमुख्यमंत्री बोले – अब गुंडाराज नहीं, सेवा का संकल्प है
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी युवाओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि एक दौर था जब उत्तर प्रदेश में गुंडागर्दी, भ्रष्टाचार और नकल माफिया हावी थे। लेकिन आज, बिना एक रुपये खर्च किए युवाओं को पुलिस सेवा में जगह मिल रही है। आप सौभाग्यशाली हैं कि एक ऐसी व्यवस्था में भर्ती हुए हैं, जहां योग्यता को महत्व दिया जा रहा है। हमारा संकल्प है उत्तर प्रदेश को सुरक्षित, भ्रष्टाचार मुक्त और भयमुक्त बनाना।
कार्यक्रम की शुरुआत सत्यम नायर नामक नवचयनित सिपाही को नियुक्ति पत्र सौंपकर की गई। इसके बाद एक-एक कर सभी चयनित अभ्यर्थियों को मंच पर बुलाया गया और नियुक्ति पत्र सौंपे गए। इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बने हजारों परिवारों की आंखें खुशी से नम थीं।
Also Read: मथुरा में बड़ा हादसा: टीला खिसकने से तीन मकान जमींदोज, मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका

