अमित शाह ने आवास पर फहराया तिरंगा, हर घर तिरंगा बना जन-अभियान
Sandesh Wahak Digital Desk: ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत, केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह ने अपनी पत्नी के साथ नई दिल्ली स्थित अपने आवास पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। 15 अगस्त के मद्देनजर देशभर में शुरू हुए इस अभियान में लोग बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।
देश को एकता के सूत्र में पिरोने वाला अभियान
अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर तिरंगा फहराते हुए तस्वीरें साझा कीं और लिखा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में शुरू हुआ यह अभियान आज देश को एकता के सूत्र में पिरोने और राष्ट्रप्रेम की भावना को और भी मजबूत बनाने वाला एक जन-अभियान बन गया है।
उन्होंने कहा कि यह अभियान दिखाता है कि हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों के आजाद भारत को विकसित और सर्वश्रेष्ठ बनाने के लिए 140 करोड़ देशवासी पूरी तरह संकल्पित हैं।
दिल्ली में तिरंगा यात्रा, बच्चों ने लिया हिस्सा
इसी बीच, दिल्ली सरकार में मंत्री आशीष सूद भी जनकपुरी में ‘हर घर तिरंगा’ यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने अपनी विधानसभा क्षेत्र जनकपुरी से डाबरी चौराहे तक पैदल मार्च किया। इस यात्रा में आशीष सूद के साथ सांसद कमलजीत सहरावत और कई स्कूलों के बच्चे भी मौजूद थे।
‘हर घर तिरंगा’ अभियान का मकसद 13 से 15 अगस्त के बीच हर नागरिक को अपने घर और कार्यस्थल पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रोत्साहित करना है। इस साल ‘स्वच्छता ही सेवा है’ पहल के साथ स्वच्छता पर भी खास ध्यान दिया जा रहा है, ताकि राष्ट्रीय गौरव और नागरिक जिम्मेदारी दोनों को बढ़ावा मिले। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी लोगों से इस अभियान से जुड़ने और अपनी तस्वीरें साझा करने की अपील कर चुके हैं।
Also Read: DRDO का कर्मचारी निकला ISI एजेंट, गोपनीय जानकारी भेजते पकड़ा गया

