अमित शाह का बड़ा दावा, 15 अप्रैल के बाद बंगाल में बनेगी भाजपा सरकार, घुसपैठियों को चुन-चुन कर निकालेंगे बाहर

Sandesh Wahak Digital Desk: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनकी सरकार को भ्रष्टाचार और कुशासन के मुद्दे पर जमकर घेरा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बंगाल की जनता अब भय और भ्रष्टाचार की जगह विकास और विरासत वाली सरकार चाहती है।

अमित शाह ने अपने संबोधन की शुरुआत 30 दिसंबर के ऐतिहासिक महत्व से की। उन्होंने कहा, आज का दिन हर भारतीय के लिए गर्व का है। 1943 में आज ही के दिन नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने पोर्ट ब्लेयर में पहली बार आजाद भारत का तिरंगा फहराया था। यह बंगाल और पूरे देश के लिए एक महान पल था।

ममता सरकार पर निशाना साधते हुए शाह ने आरोप लगाया कि पिछले 14 सालों में डर और भ्रष्टाचार ही बंगाल की पहचान बन गए हैं। उन्होंने कहा, भ्रष्टाचार की वजह से बंगाल का विकास पूरी तरह थम गया है। केंद्र की मोदी सरकार द्वारा शुरू की गई जनहितकारी योजनाएं यहाँ टोल सिंडिकेट की भेंट चढ़ गई हैं। जनता ने अब इस कुशासन को उखाड़ फेंकने और भाजपा की मजबूत सरकार बनाने का संकल्प ले लिया है।

घुसपैठ पर नो टॉलरेंस की नीति

अमित शाह ने बंगाल में घुसपैठ के मुद्दे पर अब तक का सबसे कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ा वादा किया। उन्होंने कहा, हम एक ऐसी मजबूत नेशनल ग्रिड बनाएंगे कि इंसान तो क्या, परिंदा भी पर नहीं मार पाएगा। हम न केवल घुसपैठ को पूरी तरह रोकेंगे, बल्कि एक-एक घुसपैठिये को चुन-चुन कर भारत से बाहर निकालने का काम भाजपा सरकार करेगी।

15 अप्रैल के बाद नया बंगाल

शाह ने दावा किया कि 15 अप्रैल, 2026 के बाद बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी। उन्होंने वादा किया कि भाजपा सरकार डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के सपनों के बंगाल को फिर से जीवित करेगी और यहाँ की लुप्त होती संस्कृति और गौरव (बंग गौरव) को पुनर्जीवित किया जाएगा।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.