अमित शाह ने किया ‘तिरंगा यात्रा’ का नेतृत्व, ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का मना जश्न

Sandesh Wahak Digital Desk: ऑपरेशन सिंदूर की ऐतिहासिक सफलता के उपलक्ष्य में भारतीय सशस्त्र बलों को सम्मानित करने हेतु रविवार, 18 मई को गुजरात के अहमदाबाद में एक भव्य ‘तिरंगा यात्रा’ का आयोजन किया गया। इस आयोजन का नेतृत्व केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने किया। उन्होंने इस यात्रा के माध्यम से देश के वीर सैनिकों के प्रति आभार और सम्मान व्यक्त किया।

गृह मंत्री ने इस अवसर पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए लिखा, देश के बहादुर सैनिकों ने अपनी वीरता से ऑपरेशन सिंदूर को आतंकवाद विरोधी अभियान का प्रतीक बना दिया है। गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र में आयोजित इस तिरंगा यात्रा के माध्यम से हम उनके साहस को सलाम करते हैं।

भारतीय सेना ने आतंकवादी ढांचे को किया नष्ट

भाजपा ने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता की सराहना में 13 से 23 मई तक ‘तिरंगा यात्रा’ चलाने की घोषणा की है। यह राष्ट्रव्यापी अभियान उस साहसी जवाब का प्रतीक है जो भारत ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद दिया था, जिसमें 26 निर्दोष नागरिकों की जान गई थी। जवाबी कार्रवाई में भारतीय सुरक्षा बलों ने पाकिस्तान और पीओके (पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर) में आतंकवादी ढांचे को ध्वस्त किया और करीब 100 आतंकियों को ढेर कर दिया, जिसकी पुष्टि स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की है।

इस अभियान का संचालन भाजपा के वरिष्ठ नेताओं जैसे कि संबित पात्रा, महासचिव विनोद तावड़े और तरुण चुघ द्वारा किया जा रहा है। साथ ही, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और अन्य वरिष्ठ नेता देशभर में विभिन्न तिरंगा यात्राओं का नेतृत्व कर रहे हैं।

इस राष्ट्रव्यापी यात्रा के माध्यम से भाजपा देश के नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित कर रही है ताकि ऑपरेशन सिंदूर के सामरिक और राष्ट्रीय महत्व को उजागर किया जा सके और देश की सुरक्षा, संप्रभुता और एकता को मजबूत करने की दिशा में इसकी भूमिका को रेखांकित किया जा सके।

Also Read: चारमीनार के पास भीषण आग से 17 लोगों की मौत, पीएम मोदी और सीएम रेवंत रेड्डी ने जताया…

Get real time updates directly on you device, subscribe now.