सीतामढ़ी में जानकी मंदिर के लिए अमित शाह ने किया भूमि पूजन, नीतीश कुमार भी रहे मौजूद
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार के सीतामढ़ी स्थित पुनौरा धाम में शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मां जानकी मंदिर के निर्माण के लिए भूमि पूजन किया। इस ऐतिहासिक और धार्मिक अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा समेत कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
11 महीने की समयसीमा तय की गई
अमित शाह विशेष रूप से दिल्ली से सीतामढ़ी पहुंचे। पुनौरा धाम को पौराणिक मान्यताओं में माता सीता का जन्मस्थान माना जाता है। वर्तमान में यहां पहले से एक मंदिर स्थापित है, जिसे सीता जन्मस्थली के नाम से जाना जाता है। अब यहां 67 एकड़ भूमि पर भव्य और विशाल मां जानकी मंदिर का निर्माण होगा। इसके लिए 11 महीने की समयसीमा तय की गई है।
पूजा-पाठ की गूंज से वातावरण भक्तिमय हो उठा
भूमि पूजन के मौके पर पुनौरा धाम को भव्य तरीके से सजाया गया था। मंदिर प्रांगण और आसपास का इलाका फूलों, झालरों और रंग-बिरंगी लाइटों से सुसज्जित रहा। हजारों की संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग इस अवसर के साक्षी बने। धार्मिक अनुष्ठान के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-पाठ की गूंज से वातावरण भक्तिमय हो उठा। मिथिला की महिलाओं ने इस अवसर पर पारंपरिक मैथिली लोकगीत गाकर अपनी खुशी व्यक्त की। गीतों में मां सीता के जन्म, उनके बाल्यकाल और मिथिला की सांस्कृतिक परंपराओं का भावपूर्ण चित्रण किया गया।
श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र बनेगा
इस मौके पर गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि यह केवल मंदिर निर्माण का कार्य नहीं, बल्कि हमारी आस्था, संस्कृति और विरासत का पुनर्जागरण है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह मंदिर देश-विदेश के श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र बनेगा और बिहार के पर्यटन को नई पहचान देगा।
सांस्कृतिक धरोहर को संजोएगा
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसे बिहार के लिए गौरवपूर्ण दिन बताते हुए कहा कि पुनौरा धाम का विकास राज्य की सांस्कृतिक धरोहर को संजोएगा। उप मुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि माता सीता के इस भव्य मंदिर का निर्माण हर बिहारी के लिए गर्व का विषय है और यह विकसित बिहार की दिशा में एक अहम कदम है। भूमि पूजन कार्यक्रम के समापन पर सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से मंदिर निर्माण की शुभकामनाएं दीं और पुनौरा धाम को देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में स्थापित करने का संकल्प लिया।
Also Read: Lucknow News: यूपी STF ने प्रतापगढ़ के इनामी बदमाश को मुंबई से किया गिरफ्तार

