मोतिहारी में गरजे अमित शाह, बोले- लालू की तीन पीढ़ी भी आ जाए, शहाबुद्दीन जैसे बाहुबली पैदा नहीं हो सकते
Sandesh Wahak Digital Desk: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने गुरुवार को बिहार के मोतिहारी जिले में एक जोरदार चुनावी सभा को संबोधित किया। अपने तीखे और सीधे अंदाज में उन्होंने विपक्ष पर जमकर हमला बोला।
शाह ने पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और कांग्रेस नेता राहुल गांधी को निशाना बनाते हुए कहा, जंगलराज में जो अपहरण, खून और डकैती-फिरौती करते थे, वे कभी बिहार का भला नहीं कर सकते। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जोड़ी ही बिहार में फिर से जंगलराज आने से रोक सकती है।
राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए अमित शाह ने कहा, कुछ महीने पहले राहुल गांधी ने जो यात्रा निकाली, वह किसानों-युवाओं के लिए नहीं, बल्कि घुसपैठियों को बचाने के लिए थी। उन्होंने साफ किया, हमारी सरकार ने प्रण लिया है कि देश और बिहार से एक-एक घुसपैठिए को बाहर निकाला जाएगा।
शहाबुद्दीन का जमाना वापस नहीं लौटेगा
राजद पर प्रहार करते हुए शाह ने कहा, राजद वाले आज भी शहाबुद्दीन जैसे बाहुबली का जमाना वापस लाना चाहते हैं। लालू जी के बेटे ने शहाबुद्दीन अमर रहे का नारा लगाया और उन्हें टिकट दिया गया। उन्होंने दावा किया, लालू यादव की तीन पीढ़ियां भी आ जाएं, तब भी बिहार में दोबारा कोई शहाबुद्दीन पैदा नहीं हो सकता।

10 हजार रुपये वापस नहीं लिए जाएंगे
महिला रोजगार योजना का जिक्र करते हुए शाह ने विपक्ष के दावों को खारिज किया। उन्होंने कहा, पीएम मोदी और सीएम नीतीश कुमार ने जीविका दीदियों के खाते में 10 हजार रुपये भेजे हैं। विपक्ष भ्रम फैला रहा है कि यह पैसा वापस लिया जाएगा। मैं कहता हूं, लालू यादव की चार पीढ़ियां भी आ जाएं, तब भी ये 10 हजार रुपये वापस नहीं ले सकते।
अमित शाह ने केंद्र की एनडीए सरकार के काम का जिक्र करते हुए कहा, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह अपने 10 साल में सिर्फ 5 बार बिहार आए, जबकि पीएम मोदी 55 बार आ चुके हैं। मनमोहन सरकार ने बिहार को सिर्फ 2.80 लाख करोड़ रुपये दिए, जबकि मोदी सरकार ने 18.70 लाख करोड़ रुपये दिए हैं।
Also Read: कुर्क होगी संभल हिंसा के मास्टरमाइंड की संपत्ति

