राहुल गांधी पर अमित शाह का तीखा हमला, बोले- 30 साल तक आपका नंबर नहीं आने वाला

Sandesh Wahak Digital Desk: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को दिल्ली के द्वारका में यमुना पुनरुद्धार से जुड़ी 8,941 करोड़ रुपये की लागत वाली कुल 43 परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इन विकास कार्यों में गंदे पानी के शोधन (सीवेज ट्रीटमेंट), सीवेज प्रबंधन और पेयजल से जुड़े महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट शामिल हैं। इस दौरान उन्होंने आने वाले समय में यमुना नदी को पूरी तरह साफ करने का संकल्प दोहराते हुए ऐलान किया कि मई 2029 से पहले यमुना को निर्मल करके जनता के सामने लाया जाएगा।

अमित शाह ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश और हरियाणा से भी गंदा पानी यमुना में आता था, लेकिन अब चूंकि इन सभी जगहों पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) की सरकारें हैं, इसलिए उत्तर प्रदेश, हरियाणा और दिल्ली तीनों राज्यों का एक समयबद्ध (टाइम-बाउंड) रोडमैप तैयार किया गया है। उन्होंने संतोष जताते हुए कहा कि यमुना को साफ करने की दिशा में अब तक 40 प्रतिशत से अधिक का काम सफलतापूर्वक आगे बढ़ चुका है। इस अवसर पर उन्होंने पिछली सरकारों पर तीखे हमले करने के साथ-साथ विपक्ष के नेताओं को भी आड़े हाथों लिया।

केजरीवाल के हर सवाल का दूंगा जवाब

कार्यक्रम के दौरान अमित शाह ने दिल्ली की पिछली सरकारों और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दिल्ली में सरकार बनने के तुरंत बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहले ही महीने में एक उच्चस्तरीय बैठक कर गृह मंत्रालय और दिल्ली सरकार के सामने यमुना को साफ करने का स्पष्ट विजन पेश किया था। उन्होंने पिछली सरकारों की आलोचना करते हुए कहा कि कांग्रेस और केजरीवाल सरकारों के कार्यकाल के दौरान रोजाना दो हजार टन गोबर और कचरा यमुना में गिराया जाता था। जो काम पिछले 30 सालों में नहीं हुआ, वह अब हमारी सरकार करके दिखाएगी।

अरविंद केजरीवाल पर पलटवार करते हुए शाह ने कहा, केजरीवाल जी, मेरे पास आपकी हर बात का जवाब है, लेकिन मैं आपको जवाब तब दूंगा, जब पंजाब में भी बीजेपी आपकी सत्ता को उखाड़ फेंकेगी। उन्होंने आगे कहा कि केजरीवाल सिर्फ कूड़े के पहाड़ों पर राजनीति करते थे, जबकि भाजपा सरकार उन पहाड़ों को कम करने और वहां जल्द ही सुंदर बगीचे विकसित करने का काम कर रही है। शाह ने तंज कसते हुए कहा कि सिर्फ बहाने बनाने से कुछ नहीं होता, यमुना के शुद्धिकरण के लिए उन्होंने कुछ नहीं किया। आज सराय काले खां और आईटीओ जाकर देखा जा सकता है कि वासुदेव घाट जैसे बेहतरीन काम बीजेपी सरकार ने करके दिखाए हैं।

केंद्रीय गृह मंत्री ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा चुनाव आयोग और वोट चोरी के लगाए गए आरोपों पर भी कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा, राहुल जी, आपको और आपके साथियों को पूरा देश भली-भांति समझ चुका है। आप वोट चोरी के झूठे आरोप लगाकर असल में घुसपैठियों के वोट बचाना चाहते हैं। शाह ने कांग्रेस के चुनावी प्रदर्शन पर सवाल उठाते हुए कहा कि गुजरात में 41 साल से, बंगाल, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में कई दशकों से, दिल्ली में 18 साल से और असम में लंबे समय से उनकी सरकार नहीं बनी है।

जब अमित शाह ने यह कहा कि देश में अगले 30 सालों तक बीजेपी की सरकारें रहेंगी, तो विपक्षी नेता कहते हैं कि यह बात कैसे पता, क्या वोट चोरी होगी? इस पर पलटवार करते हुए शाह ने कहा, अरे भाई, अमित शाह यहीं जन्मा है और यहीं रहता है, आपकी तरह हर छह महीने में छुट्टियां मनाने विदेश नहीं जाना पड़ता। उन्होंने दोहरे मानदंडों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जहां कांग्रेस जीत जाती है (जैसे तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश या तमिलनाडु में जहां वे समर्थन कर रहे हैं), वहां की मतदाता सूची और चुनाव आयोग उन्हें अच्छे लगते हैं, लेकिन हारने पर सवाल उठाते हैं।

अगले 30 वर्षों तक आपको कुछ नहीं मिलना है

अमित शाह ने राहुल गांधी को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि देश की जनता उनकी कार्यशैली को जान चुकी है। उन्होंने तंज कसा कि आप विदेश में क्यों बैठे रहते हैं, यह आपका निजी मामला है, लेकिन देश की जनता आपको अगले 30 सालों तक कुछ नहीं देने वाली है। आपकी पार्टी की सरकारें इतने लंबे समय तक सत्ता में रहीं, लेकिन यमुना जी के लिए एक पत्ता भी नहीं हिलाया। अब राजनीतिक हथकंडों से जनता को बरगलाया नहीं जा सकता।

गृह मंत्री ने अंत में कहा कि सिर्फ धरना-प्रदर्शन करने से राजनीति नहीं चलती। आप जहां से भी चुनकर आए हैं, वहां जनता के लिए विकास योजनाएं लाइए, वरना जो थोड़ा-बहुत बचा-कुचा जनाधार है, वह भी खत्म हो जाएगा। उन्होंने दावा किया कि पंजाब की जनता ने मन बना लिया है और वहां से भी आम आदमी पार्टी का सूपड़ा साफ होने वाला है। पंजाब में एनडीए की सरकार बनने के बाद वहां युवाओं को बर्बाद कर रहे नशे के कारोबार को पूरी तरह से बंद किया जाएगा।

Also Read: आजम खान से मिलने रामपुर जेल पहुंचे अखिलेश यादव, छोटे बेटे अदीब भी रहे साथ

Get real time updates directly on you device, subscribe now.