गया से गिरफ्तार हुआ अमृतसर ग्रेनेड हमले का आतंकी, एनआईए को मिली बड़ी कामयाबी
Sandesh Wahak Digital Desk: राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को एक बड़ी सफलता मिली है। एजेंसी ने अमृतसर मंदिर ग्रेनेड हमले के मुख्य साजिशकर्ता शरणजीत कुमार उर्फ सनी को बिहार के गया से गिरफ्तार कर लिया है। यह गिरफ्तारी 15 मार्च, 2025 को हुए आतंकी हमले के संबंध में की गई है, जिसमें वह सक्रिय रूप से शामिल था।
शरणजीत कुमार पंजाब के गुरदासपुर जिले के बटाला का रहने वाला है। वह पिछले एक महीने से फरार था और उसे गया में खुफिया जानकारी के आधार पर पकड़ा गया।
विदेशी आकाओं के इशारे पर हुआ था हमला
एनआईए की जाँच में खुलासा हुआ है कि यह हमला एक गहरी अंतरराष्ट्रीय साजिश का हिस्सा था। इस हमले को गुरसिदक सिंह और विशाल गिल नाम के दो बाइक सवार आतंकवादियों ने अंजाम दिया था। उन्हें यह काम विदेशों में बैठे उनके आकाओं ने सौंपा था, जो यूरोप, अमेरिका और कनाडा में सक्रिय हैं। ये विदेशी हैंडलर भारत में अपने साथियों को हथियार, पैसा और हमले के लिए पूरी जानकारी मुहैया करा रहे थे।
जांच में यह भी सामने आया कि शरणजीत कुमार ने 1 मार्च 2025 को बटाला में एक अन्य आरोपी से चार हथगोले लिए थे। उसने हमले से दो दिन पहले इनमें से एक-एक हथगोला गुरसिदक और विशाल को दिया था। एनआईए ने बताया कि वे इस मामले में आगे की जांच कर रहे हैं ताकि इस साजिश के अन्य पहलुओं और इसमें शामिल अन्य लोगों का भी पता लगाया जा सके। एजेंसी ने जनता से भी अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत सुरक्षा एजेंसियों को दें।
Also Read: Azamgarh News: लावारिस शव मिलने से मचा हड़कंप, मौत की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस

