Amroha News: मटर प्लांट में अमोनिया गैस के रिसाव से हड़कंप, दम घुटने से 6 महिला कर्मचारी बेसुध

Sandesh Wahak Digital Desk: अमरोहा जनपद के डिडौली इलाके में स्थित एक मटर फ्रोजन प्लांट में रविवार दोपहर बाद एक बड़ा हादसा होते-होते बचा। चांदपुर मार्ग पर स्थित ‘अपराइट इनोवेटिव सोल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड’ प्लांट में अचानक अमोनिया गैस लीक होने लगी। गैस की गंध फैलते ही कर्मचारियों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी और देखते ही देखते प्लांट में भगदड़ मच गई।

बेसुध होकर गिरीं महिला कर्मचारी

गैस का रिसाव इतना तेज था कि प्लांट के भीतर काम कर रहे कर्मचारी जान बचाने के लिए बाहर की तरफ भागे। इस दौरान गैस के प्रभाव में आकर छह महिला कर्मचारी बेसुध हो गईं। प्लांट प्रबंधन ने आनन-फानन में उन्हें चुचैला कलां के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद महिलाओं की स्थिति में सुधार बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि दो महिलाओं की हालत बिगड़ी थी, जिन्हें उपचार के बाद घर भेज दिया गया है।

हादसे को छिपाने की कोशिश?

ग्रामीणों का आरोप है कि प्लांट प्रबंधन ने इस घटना को दबाने की पूरी कोशिश की। मरीजों को अस्पताल ले जाने और वहां से हटाने की प्रक्रिया को काफी गुप्त रखने का प्रयास किया गया, लेकिन अस्पताल के स्टाफ के जरिए खबर बाहर आ गई। चौंकाने वाली बात यह है कि जब प्लांट के प्रबंधक मनीष चौधरी से इस बारे में बात की गई, तो उन्होंने किसी भी जानकारी से इनकार करते हुए कहा कि वह निजी काम से बाहर हैं।

सुरक्षा मानकों पर उठे सवाल

इस घटना ने फैक्ट्री के भीतर सुरक्षा इंतजामों की पोल खोलकर रख दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है; करीब 6 महीने पहले भी इस प्लांट में एक युवक की जान जा चुकी है। अमरोहा और गजरौला की औद्योगिक इकाइयों में गैस रिसाव की घटनाएं पहले भी होती रही हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई न होने के कारण ग्रामीणों में गहरा रोष और दहशत है।

Also Read: ‘सैफई खानदान’ की कुंडली में सत्ता का योग नहीं’, डिप्टी CM केशव मौर्य का सपा पर बड़ा हमला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.