Amroha News: दो मौतों ने खोली दूषित सब्जियों और फास्ट फूड की खतरनाक सच्चाई
Amroha News: उत्तर प्रदेश के अमरोहा से सामने आई दो दर्दनाक घटनाओं ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। पहली घटना में 18 साल की इल्मा नदीम की दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरी घटना में 11वीं कक्षा की छात्रा अहाना की दिल्ली एम्स में इलाज के दौरान जान चली गई। इन दोनों मामलों में डॉक्टरों की शुरुआती रिपोर्ट ने यह साफ कर दिया है कि गलत खानपान और दूषित सब्जियों की वजह से शरीर में ऐसी खतरनाक बीमारियां पनपीं, जिन्होंने इन दोनों छात्राओं की जान ले ली।
टेपवर्म ने दिमाग को बना लिया निशाना
इल्मा नदीम की मौत की मुख्य वजह पैरासाइटिक इंफेक्शन बताई गई है। डॉक्टरों के मुताबिक पत्ता गोभी में मौजूद टेपवर्म यानी फीताकृमि के कारण इल्मा के दिमाग में 20 से 25 गांठें बन गई थीं। इल्मा को कुछ महीने पहले टाइफाइड हुआ था, जिसके बाद से उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने पाया कि टेपवर्म के अंडे ब्लड के जरिए दिमाग तक पहुंच गए थे, जहां जमकर उन्होंने न्यूरोसिस्टिकोसिस जैसी जानलेवा बीमारी का रूप ले लिया।
अमरोहा की दूसरी घटना में 11वीं कक्षा की छात्रा अहाना की मौत ने भी लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है। अहाना का इलाज दिल्ली एम्स में चल रहा था। डॉक्टरों के अनुसार अहाना को ज्यादा पिज्जा और फास्ट फूड खाने की आदत थी, जिसकी वजह से उसकी आंतें आपस में चिपक गई थीं। इसी गंभीर स्थिति के कारण अहाना की मौत हो गई। इन दोनों घटनाओं ने यह साबित कर दिया है कि रोजमर्रा का गलत खानपान किस हद तक जानलेवा बन सकता है।

कैसे जानलेवा बनता है टेपवर्म?
टेपवर्म यानी फीताकृमि एक ऐसा परजीवी है, जो शरीर में प्रवेश कर गंभीर नुकसान पहुंचाता है। इसके अंडे गंदगी, पत्तेदार सब्जियों और अन्य दूषित माध्यमों से शरीर में पहुंचते हैं। ब्लड के जरिए ये अंडे सीधे दिमाग तक पहुंच जाते हैं और वहीं जम जाते हैं, जिससे न्यूरोसिस्टिकोसिस जैसी खतरनाक बीमारी पैदा होती है। इस बीमारी में दिमाग के अंदर गांठें बन जाती हैं, जो धीरे-धीरे जान के लिए खतरा बन जाती हैं।
डॉक्टर्स का कहना है कि सब्जियों को हमेशा अच्छी तरह धोकर और पकाकर ही खाना चाहिए। सब्जियों को उबालने से टेपवर्म के अंडे मर जाते हैं। खासतौर पर पत्तेदार और हरी सब्जियों को कम से कम पांच मिनट तक उबालना जरूरी है, क्योंकि टेपवर्म के अंडे इतने छोटे होते हैं कि ये शरीर में मौजूद एसिड से भी नहीं मरते। इसके साथ ही अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखना और गंदी जगहों व खुले में शौच से बचना भी बेहद जरूरी बताया गया है।
क्यों जानलेवा बन रहा है फास्ट फूड?
डॉक्टर्स के अनुसार जरूरत से ज्यादा फास्ट फूड का सेवन हमारे शरीर के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। फास्ट फूड में इस्तेमाल होने वाले हानिकारक केमिकल्स और जरूरत से ज्यादा नमक हमारे शरीर पर नकारात्मक प्रभाव डालते हैं। यह सीधे हमारे दिमाग और हार्ट हेल्थ को नुकसान पहुंचाता है। फास्ट फूड में मौजूद ट्रांस फैट, शुगर और अत्यधिक नमक याददाश्त को कमजोर करते हैं और दिमाग की क्षमता को कम कर देते हैं, जिससे व्यक्ति सही निर्णय नहीं ले पाता। डॉक्टरों का कहना है कि सेहतमंद रहने के लिए घर का बना खाना ही सबसे सुरक्षित और फायदेमंद है।
Also Read: बांदा राइफल क्लब की नीलामी पर भड़की कांग्रेस, अजय राय ने CM योगी को लिखा पत्र, दी चेतावनी

