Ayodhya News: हनुमानगढ़ी के संत महेश योगी को जिंदा जलाने की कोशिश, सोते समय कमरे में फेंकी गई आग
Ayodhya News: श्रीराम की नगरी अयोध्या में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। प्रसिद्ध हनुमानगढ़ी मंदिर परिसर के भीतर स्थित भवन में रहने वाले संत महेश योगी को शुक्रवार की भोर में जिंदा जलाने की कोशिश की गई। गनीमत रही कि संत समय रहते जाग गए और भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
स्वामी महेश योगी, जो थाना राम जन्मभूमि क्षेत्र में स्थित हनुमानगढ़ी परिसर के गोविंदगढ़ भवन में रहते हैं, ने बताया कि गुरुवार की रात वे रोज की तरह सो रहे थे। शुक्रवार की भोर लगभग 3:30 बजे, आश्रम के पिछले हिस्से में खिड़की में लगी लोहे की जाली को काटा गया और ज्वलनशील पदार्थ के साथ आग का गोला अंदर फेंका गया। आग फैलते ही कमरे में लपटें और धुंआ उठने लगा, जिससे संत की आँख खुल गई और वे तुरंत बाहर की ओर भागे। ज्वलनशील पदार्थ की तेज़ बदबू पूरे कमरे में फैल गई थी, लेकिन समय रहते आग बुझा लिए जाने से कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।
दूसरे संत रच रहे हैं साज़िश
संत महेश योगी ने इसे उन्हें जान से मारने की सोची-समझी साज़िश बताया है। उन्होंने एक दूसरे संत का नाम लेते हुए सीधे तौर पर आरोप लगाया कि वह उनके खिलाफ षड्यंत्र रच रहे हैं। महेश योगी के अनुसार, उस महंत की शह पर हनुमानगढ़ी से निष्कासित कुछ संत आए दिन उन्हें परेशान करते हैं और पहले भी उन्हें दुष्कर्म जैसे गंभीर अपराध में फंसाने की साज़िश रच चुके हैं।
महेश योगी ने यह भी बताया कि आरोपी महंत ने पिछले दो साल से उन्हें हनुमानगढ़ी से मिलने वाली सभी सहायता बंद कर दी है और दानपात्र के पैसों में भी करीब दो करोड़ रुपये की धांधली की है। इसकी शिकायत करने पर आरोपी संत को फटकार भी लगी थी, लेकिन इसके बावजूद षड्यंत्र जारी है। संत की शिकायत पर पुलिस और फोरेंसिक विभाग की टीम मौके पर पहुँचकर जांच में जुट गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर संदिग्ध व्यक्ति की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
Also Read: ब्रांड UP को नई ऊंचाई देगा ‘ओडीओपी 2.0’ और ‘एक जनपद-एक व्यंजन’ पहल

