श्रीनगर एयरपोर्ट पर नवी मुंबई से आई इंडिगो की फ्लाइट लैंडिंग के बाद पोल से टकराई, सभी यात्री और क्रू सुरक्षित
Sandesh Wahak Digital Desk: जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर स्थित अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। नवी मुंबई से यात्रियों को लेकर श्रीनगर पहुंचे इंडिगो एयरलाइंस के एक विमान का संतुलन पार्किंग के दौरान बिगड़ गया, जिससे वह एयरपोर्ट पर लगे एक पोल से जा टकराया। हादसे के वक्त विमान के भीतर बड़ी संख्या में यात्री सवार थे। हालांकि, गनीमत यह रही कि इस घटना में सभी यात्री और क्रू मेंबर्स पूरी तरह सुरक्षित हैं।
पार्किंग के दौरान VDGS पोल से टकराया विमान
एयरपोर्ट अथॉरिटी की ओर से जारी आधिकारिक बयान के मुताबिक, नवी मुंबई से श्रीनगर पहुंची इंडिगो की फ़्लाइट 6E 225 (VT-NOG) सुबह करीब 9 बजकर 2 मिनट पर श्रीनगर एयरपोर्ट के बे नंबर 06 पर पार्क हो रही थी। इसी दौरान पार्किंग प्रक्रिया के वक्त विमान का एक हिस्सा वहां लगे वीडीजीएस (Visual Docking Guidance System) पोल से टकरा गया।
हादसे के तुरंत बाद एयरपोर्ट इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीम ने मोर्चा संभाला और मैनुअल सीढ़ियों का इस्तेमाल करके विमान में सवार सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स को सुरक्षित बाहर निकाला। किसी के भी घायल होने की सूचना नहीं है।
इंडिगो की एक फ्लाइट 6E 225 श्रीनगर एयरपोर्ट पर एक पोल से टकरा गई।
सभी यात्री और क्रू सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की खबर नहीं है। pic.twitter.com/DKITKrxyrq
— RT Hindi (@RT_hindi_) September 4, 2026
हादसे के कारणों की जांच शुरू
हवाई अड्डा प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि घटना के वास्तविक कारणों और परिस्थितियों की विस्तृत जांच निर्धारित मानक प्रक्रियाओं (SOP) के तहत शुरू कर दी गई है। जांच अधिकारियों का कहना है कि पूरी रिपोर्ट आने से पहले हादसे की वजह पर किसी नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
इस बीच श्रीनगर एयरपोर्ट प्रशासन ने पुष्टि की है कि रनवे पर विमानों की आवाजाही पर इसका कोई असर नहीं पड़ा है। हवाई अड्डे का कामकाज पूरी तरह सामान्य है और अन्य सभी उड़ानें अपने निर्धारित शेड्यूल के अनुसार संचालित हो रही हैं।
Also Read: 280 चुनाव लड़ने वाले ‘धरतीपकड़’ नागरमल बाजोरिया का निधन, 97 साल की उम्र में ली अंतिम सांस

