लखनऊ में खुले नाले ने ली जान, अजय राय बोले – यह हादसा नहीं, सिस्टम की हत्या है
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी के ठाकुरगंज क्षेत्र के राधाग्राम में नगर निगम की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। खुले नाले में गिरने से स्थानीय निवासी सुरेश लोधी की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे ने पूरे इलाके में शोक और गुस्से का माहौल बना दिया है। घटना की जानकारी मिलते ही उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय सोमवार को मृतक के घर पहुंचे और शोकसंतप्त परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाया और पूरे मामले की जानकारी ली।
यह हादसा नहीं, सरकार और सिस्टम की हत्या है – अजय राय
पत्रकारों से बातचीत में अजय राय ने कहा, “यह घटना सरकार की उपेक्षा और नगर निगम की घोर लापरवाही का सीधा नतीजा है। अगर समय रहते नाले की मरम्मत होती, तो सुरेश लोधी आज जिंदा होते।” उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस कठिन समय में पूरी तरह से पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और इस अन्याय के खिलाफ हर स्तर पर आवाज उठाएगी।
निष्पक्ष जांच और मुआवज़े की मांग
कांग्रेस अध्यक्ष ने सरकार से मांग की है कि:
-
घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाए।
-
दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो।
-
मृतक परिवार को उचित आर्थिक मुआवज़ा दिया जाए।
-
क्षेत्र के सभी खुले नालों की सफाई और मरम्मत तत्काल करवाई जाए ताकि आगे ऐसी घटनाएं न दोहराई जाएं।
जनहित के मुद्दों पर कांग्रेस सड़क पर उतरेगी
अजय राय ने साफ कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता से जुड़े मुद्दों पर सिर्फ बयानबाज़ी नहीं करती, बल्कि सड़क से सदन तक संघर्ष करती है। “हम लखनऊ की सड़कों पर उतरेंगे, सरकार की लापरवाही को उजागर करेंगे और सुरेश लोधी को इंसाफ दिलाकर रहेंगे।”
Also Read : परिवहन निगम के लोग ही निगम में तैनात महिलाओं का कर रहे उत्पीड़न

