Bareilly News: जिलाधिकारी की पहल पर पोस्टमार्टम हाउस के बाहर शुरू हुआ आरओ वाटर प्लांट
Bareilly News: आम जनता की सहूलियत और लोककल्याण की भावना को ध्यान में रखते हुए बरेली के जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने आज एक सराहनीय कदम उठाया है। उन्होंने पोस्टमार्टम हाउस के बाहर आने-जाने वाले लोगों के लिए स्वच्छ और ठंडे पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए एक अत्याधुनिक आरओ वाटर प्लांट स्थापित कराया। शनिवार को जिलाधिकारी ने खुद इस प्लांट का फीता काटकर विधिवत उद्घाटन किया। प्रशासन की इस मानवीय पहल से पोस्टमार्टम हाउस आने वाले शोकाकुल परिजनों और आम नागरिकों को इस चिलचिलाती गर्मी में पीने के साफ पानी के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा।
इस मौके पर जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि इस आरओ वाटर प्लांट का नियमित संचालन किया जाए और समय-समय पर इसके रखरखाव का पूरा ध्यान रखा जाए।

उन्होंने जोर देकर कहा कि नागरिकों को सम्मानजनक और बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना ही जिला प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। इस उद्घाटन समारोह के अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय प्रशासन के तमाम आला अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

