Lucknow News: आनंदीबेन पटेल ने पुलिस झंडा दिवस को बताया सेवा कार्यों की समीक्षा का उत्सव
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने रविचार को राजभवन में पुलिस झंडा दिवस के अवसर पर पुलिस विभाग की सराहना की और कई महत्वपूर्ण सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी निर्देश दिए। इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक (EOW) नीरा रावत ने राज्यपाल को फ्लैग पिन लगाया, जबकि पुलिस महानिदेशक (UP) राजीव कृष्णा ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किया।
संवाद के दौरान राज्यपाल ने कहा कि पुलिस झंडा दिवस केवल एक औपचारिकता नहीं है, बल्कि यह वर्षभर पुलिस विभाग द्वारा की गई प्रगति, सेवा कार्यों तथा अपराध नियंत्रण के प्रभावी प्रयासों की समीक्षा और उत्सव मनाने का अवसर होना चाहिए। राज्यपाल ने कहा, झंडा दिवस इस बात का उत्सव होना चाहिए कि कितना अपराध कम हुआ, कौन-कौन से नवाचार किए गए और समाज सेवा में कितना योगदान दिया गया।
HPV वैक्सीनेशन पर दिया विशेष जोर
राज्यपाल ने महिला स्वास्थ्य और सुरक्षा पर अपना ध्यान केंद्रित करते हुए 9 से 14 वर्ष की आयु की बालिकाओं के लिए शुरू किए गए एचपीवी (HPV) वैक्सीनेशन अभियान पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने निर्देश दिया कि पुलिस कर्मियों की सभी बेटियों को यह वैक्सीन अवश्य लगनी चाहिए, ताकि उन्हें इस रोग से मुक्त किया जा सके।
उन्होंने गर्भाशय संबंधी जाँच नियमित रूप से करवाने पर बल दिया, क्योंकि बीमारी का प्रारंभिक अवस्था में पता चलने पर उपचार सरल हो जाता है। राज्यपाल ने बताया कि इस अभियान की शुरुआत सबसे पहले राजभवन उप्र से की गई थी, जिसे अब विश्वविद्यालयों, प्राथमिक स्कूलों, कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों और पुलिसकर्मियों की पुत्रियों तक बढ़ाया गया है।

आयुष्मान योजना और महिला पुलिसकर्मियों का कौशल
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने आयुष्मान भारत योजना के प्रावधानों पर भी चर्चा की और कहा कि वर्तमान में केवल सात सदस्यों वाले परिवार को ही कार्ड मिलता है। उन्होंने इस व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता जताई ताकि अधिक से अधिक परिवार लाभान्वित हो सकें। उन्होंने महिला पुलिसकर्मियों के प्रशिक्षण, उनकी सुरक्षा व्यवस्थाओं और समस्याओं के समाधान के लिए नियमित बैठकें आयोजित करने पर बल दिया। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि ड्यूटी के बाद महिला पुलिसकर्मियों को नवाचार और कौशल सीखने के अवसर प्रदान किए जाने चाहिए।

