मोकामा में चुनाव प्रचार के दौरान टूटा मंच, बाहुबली नेता अनंत सिंह समर्थकों के साथ गिरे नीचे
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का प्रचार अपने चरम पर है और इस चुनावी माहौल से जुड़े नए-नए रंग सामने आ रहे हैं। इसी क्रम में मोकामा विधानसभा सीट से जेडीयू प्रत्याशी और बाहुबली नेता अनंत सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह चुनाव प्रचार के दौरान मंच टूटने से नीचे गिरते दिख रहे हैं। यह घटना शनिवार को मोकामा के पूर्वी इलाके के रामपुर-डूमरा गांव में हुई, जब अनंत सिंह का तूफ़ान संपर्क अभियान चल रहा था।
स्थानीय समर्थकों ने गांव में अनंत सिंह के संबोधन के लिए एक छोटा सा मंच बनाया था। बाहुबली नेता के पहुँचते ही उनके भारी संख्या में समर्थक मंच पर चढ़ गए। मंच पर खड़े होकर अनंत सिंह के एक समर्थक ने माइक थाम लिया और भाषण देना शुरू कर दिया। समर्थक पूरे जोश में जनता से बाहुबली नेता के हक में वोट करने की अपील करने लगे।
समर्थक ने जैसे ही जेडीयू जिंदाबाद, नीतीश कुमार जिंदाबाद के बाद अनंत बाबू जिंदाबाद का नारा लगाया, समर्थकों के भार से मंच धड़ाम से टूट गया।
मोकामा में अनंत सिंह का मंच टूट गया। नेताओं के साथ आजकल उनके चाहे-अनचाहे बहुत समर्थक भी साथ चल रहे हैं। मंच भार ना सह पाया। pic.twitter.com/XXRd1TXgMZ
— Akash Vatsa (@akash_vatsa) October 26, 2025
अफरा-तफरी का माहौल
मंच टूटते ही अनंत सिंह अपने बाकी समर्थकों के साथ नीचे जा गिरे। यह देखकर वहाँ अफरा-तफरी मच गई। आनन-फानन में समर्थकों ने बाहुबली नेता अनंत सिंह को मलबे से निकालने का प्रयास किया। गनीमत यह रही कि इस घटना में अनंत सिंह को कोई गंभीर चोट नहीं आई है और वह सुरक्षित हैं। मंच टूटने की घटना का यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
Also Read: बिहार चुनाव 2025: तेजस्वी यादव और मुकेश सहनी पूर्वी बिहार में करेंगे ताबड़तोड़ जनसभाएं

