बर्खास्तगी का गुस्सा या सिस्टम से जंग? बलरामपुर में लाइनमैन की पत्नी का ‘रौद्र रूप’,जेई को पीटा

​Sandesh Wahak Digital Desk: बलरामपुर जिले के हर्रैया सतघरवा क्षेत्र में बुधवार उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक संविदा लाइनमैन की पत्नी ने बिजली विभाग के अवर अभियंता (जेई) पर हमला बोल दिया। पति को नौकरी से निकाले जाने से तमतमाई महिला ने न सिर्फ जेई का कॉलर पकड़ा, बल्कि उन्हें बुरी तरह पीटते हुए दांतों से काटकर घायल कर दिया। इस हाई-वोल्टेज ड्रामे का वीडियो सोशल मीडिया पर जंगल की आग की तरह फैल गया है, जिसके बाद पुलिस ने महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामला लाइन मैन को नौकरी से निकाले जाने व उसके वेतन में अनियमितता से जुड़ा बताया जा रहा है।

करीब डेढ़ महीने पहले किया गया था सेवामुक्त

हर्रैया सतघरवा पॉवर हाउस (बिजली विभाग) में तैनात संविदा लाइनमैन मिश्रीलाल को करीब डेढ़ महीने पहले सेवामुक्त कर दिया गया था। सोमवार शाम जब अवर अभियंता अजीत कुमार सिंह चौधरीडीह स्थित ग्राम सचिवालय में विभागीय कार्य निपटा रहे थे, तभी मिश्रीलाल की पत्नी सुमन वहां पहुंच गई। पहले तो पति को वापस काम पर रखने की गुहार लगाई गई, लेकिन बात बिगड़ते ही गुहार ‘साहब’ की पिटाई में बदल गई। महिला ने आव देखा न ताव, जेई पर हमला बोल दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया, लेकिन तब तक जेई लहूलुहान हो चुके थे।

​वहीं, पूरे मामले पर ​जेई अजीत कुमार सिंह कहा,​”लाइनमैन मिश्रीलाल विभागीय कार्यों में घोर लापरवाही बरत रहा था, जिससे काम प्रभावित हो रहा था। इसी कारण उसे नियमानुसार हटाया गया था। मैं सचिवालय में एसआईआर का काम कर रहा था, तभी उसकी पत्नी आई और बहस करने लगी। जब मैंने उसे उच्चाधिकारियों से बात करने की सलाह दी, तो वह उग्र हो गई और मेरा कॉलर पकड़कर मारपीट शुरू कर दी। उसने मुझे दांतों से काटकर घायल कर दिया।”

परिवार भुखमरी की कगार पर

बर्खास्त लाइनमैन मिश्रीलाल की पत्नी ​सुमन ने पूरे मामले पर बताया, ​”मेरे चार छोटे बच्चे हैं और पति की नौकरी जाने से घर का चूल्हा बुझने की नौबत है। जब मैं पैर पकड़कर मिन्नतें करने लगी, तो साहब ने डांटकर भगा दिया। गरीबी और मजबूरी के कारण मेरा आपा खो गया। उसने कहा कि जेई साहब पिछले एक साल से मेरे पति का मानसिक और आर्थिक रूप से प्रताड़तना कर रहे थे। पूरा काम करने के बावजूद उनका मानदेय (सैलरी) काट लिया जाता था। पिछले दिसंबर में बिना वजह उनका 10 दिन का वेतन काटा गया था। अब उन्हें नौकरी से निकाल दिया गया है, जिससे मेरा पूरा परिवार भुखमरी की कगार पर पहुंच गया है।

​अनिल सिंह, प्रभारी निरीक्षक, थाना हर्रैया सतघरवा ने फ़ोन पर बताया, ​”मामले की छानबीन की गई है। वायरल वीडियो और मौके पर मौजूद गवाहों के बयानों के आधार पर प्रथम दृष्टया लाइनमैन की पत्नी सुमन दोषी पाई गई है। सरकारी कार्य में बाधा डालने और मारपीट की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।”

Also Read: यादव जी की लव स्टोरी पर नहीं लगेगी रोक, सुप्रीम कोर्ट ने याचिका पर सुनवाई से किया इनकार, 27 फरवरी को होगी रिलीज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.