Siddharthnagar: शादी टूटने से खफा सनकी आशिक ने घर में सो रही प्रेमिका पर किया जानलेवा हमला, FIR दर्ज

Sandesh Wahak Digital Desk: सिद्धार्थनगर जिले के लोटन थाना क्षेत्र के तरघौना गांव में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। अपनी शादी टूटने से नाराज़ एक सिरफिरे युवक ने आधी रात को घर में सो रही अपनी पूर्व मंगेतर पर जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने इस मामले में FIR दर्ज कर ली है और आरोपी की तलाश में जुट गई है।

आधी रात को घर में घुसकर किया हमला

जानकारी के अनुसार, घायल युवती की पहचान प्रियंका के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि हमलावर युवक, पसंद कुमार, महराजगंज जिले के कोल्हुई थाना क्षेत्र के बेलवा बकहनिहां गांव का रहने वाला है। प्रियंका की शादी पहले पसंद कुमार से ही तय हुई थी, लेकिन कुछ अज्ञात कारणों से यह रिश्ता टूट गया। पुलिस का मानना है कि इसी बात से नाराज़ होकर पसंद ने यह भयानक कदम उठाया है।

प्रियंका के पिता ने लोटन थाना में दर्ज कराई अपनी शिकायत में बताया कि गुरुवार आधी रात को पसंद कुमार तरघौना स्थित उनके घर पहुंचा। घर के बाहर सो रही प्रियंका का उसने धारदार हथियार से गला रेत दिया, जिससे वह खून से लथपथ हो गई। हमले के बाद परिजनों ने तुरंत प्रियंका को माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां उसका जीवन बचाने के लिए इलाज चल रहा है।

पुलिस ने शुरू की आरोपी की तलाश

शिकायती पत्र मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। क्षेत्राधिकार मयंक द्विवेदी ने बताया कि आरोपी पसंद कुमार के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और बहुत जल्द अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Also Read: Ahmedabad Plane Crash: डीएनए परीक्षण से हुई 31 मृतकों की पहचान, रूपाणी का DNA अभी तक नहीं हो पाया मैच

Get real time updates directly on you device, subscribe now.