‘हाथ-पैर में बेड़ियां डालकर ले जाएं UP पुलिस’, अंकित मर्डर में एनकाउंटर से डरा गैंगस्टर
Ankit Baliyan Murder: हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान हत्याकांड में दो शूटरों के एनकाउंटर के बाद अब एक गैंगस्टर की अर्जी चर्चा में है। करनाल जेल में बंद कुख्यात गैंगस्टर राकेश कादियान उर्फ पम्पू ने कोर्ट से मांग की है कि उसे हाथ-पैर में बेड़ियों से जकड़कर यूपी पुलिस को सौंपा जाए। उसने यह भी कहा है कि यूपी पुलिस की हिरासत में उसके हर मिनट की वीडियोग्राफी कराई जाए।
बी वारंट की खबर से घबराया गैंगस्टर
राकेश कादियान सोनीपत का रहने वाला है और करीब 16 साल से अपराध की दुनिया में सक्रिय है। वह अपना पम्पू गैंग चलाता है। उसके संबंध लॉरेंस बिश्नोई और गोगी गैंग से भी बताए जाते हैं।
शामली पुलिस अंकित हत्याकांड में उसका नाम मुख्य साजिशकर्ता के तौर पर सामने आने के बाद बी वारंट पर लेने की तैयारी कर रही है। इसी बीच पम्पू ने कोर्ट में अर्जी दी है। उसका कहना है कि उसे बेड़ियों में रखकर यूपी भेजा जाए, ताकि पुलिस उसके फरार होने या एनकाउंटर की कहानी न बना सके।
दो शूटर एनकाउंटर में ढेर
अंकित बालियान की 26 अगस्त की शाम शामली में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। गोगी गैंग के राहुल उर्फ भोलू शाहपुरिया ने हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए इंस्टाग्राम पर पोस्ट डाली थी। जांच में यूपी एसटीएफ भी जुटी थी।
सोमवार सुबह शामली पुलिस और एसटीएफ ने दो शूटरों सुमित और मोहित को एनकाउंटर में मार गिराया। दो अन्य शूटर सत्यम और आर्यन फरार हैं।
डीजीपी राजीव कृष्ण के मुताबिक, राहुल उर्फ भोलू शाहपुरिया, राकेश कादियान उर्फ पम्पू और तिहाड़ जेल में बंद रोहित मुई ने हत्या की साजिश रची थी। प्लानिंग में शामिल भोलू, मोंटी और चिराग कनाडा में हैं। एसटीएफ एएसपी ब्रजेश सिंह ने बताया कि पम्पू को बी वारंट पर लेने की कार्रवाई चल रही है।
Also Read: दिशा सालियान केस में 6 साल बाद बड़ा एक्शन, CBI करेगी जांच, आदित्य ठाकरे पर भी आरोप

