यूपी में एक और BLO की मौत, पत्नी बोली- काम का बहुत दबाव था
Hathras News: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में एक दुःखद घटना सामने आई है। सिकंद्राराऊ क्षेत्र के गाँव नावली लालपुर में रहने वाले 40 वर्षीय सहायक अध्यापक कमलकांत शर्मा की हार्ट अटैक से अचानक मौत हो गई। कमलकांत शर्मा प्राथमिक विद्यालय में शिक्षण के साथ-साथ बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) का काम भी देख रहे थे।
उनकी असामयिक मौत की खबर मिलते ही स्थानीय प्रशासन में हड़कंप मच गया और जिलाधिकारी (डीएम) अतुल वत्स तथा पुलिस अधीक्षक (एसपी) चिरंजीवी नाथ सिन्हा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उनके घर पहुँचे।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह कमलकांत शर्मा घर की सीढ़ियों से उतरते समय अचानक चक्कर खाकर गिर पड़े। परिवार के लोग उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें अलीगढ़ रेफर कर दिया। अलीगढ़ ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मृतक की पत्नी नीलम शर्मा ने बताया कि कमलकांत पर काम का बहुत ज़्यादा दबाव था और अधिकारियों के लगातार फोन आते रहते थे। उन्होंने कई बार पति से इतना तनाव न लेने को कहा, लेकिन हालात में कोई सुधार नहीं हुआ।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी हरकत में आए। एसडीएम और सीओ ने मौके पर पहुँचकर मामले की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी। इसके बाद जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक भी कमलकांत के घर पहुँचे और शोकाकुल परिजनों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
Also Read: अवध ओझा ने लिया सियासी संन्यास, AAP को धन्यवाद, अखिलेश यादव को पत्र देकर कही ये बात

