सपा सांसद रामजीलाल सुमन का एक और विवादित बयान, अखिलेश यादव ने किया बचाव
Sandesh Wahak Digital Desk: आगरा में दलित युवती के साथ हुए दुष्कर्म के मामले में समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद रामजीलाल सुमन के एक बयान ने राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है। दुष्कर्म पीड़िता के परिवार से मुलाकात के बाद पत्रकारों के सवाल के जवाब में सुमन ने कहा कि ये मामला इतना बड़ा नहीं है। उनके इस बयान की कड़ी आलोचना हो रही है।
17 अप्रैल की रात को आगरा के एक गांव में दलित युवती के साथ दुष्कर्म की घटना हुई। पुलिस ने आरोपी ओमवीर लोधी को फतेहपुर सीकरी से गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है। घटना के बाद राजनीतिक दलों के नेताओं का पीड़ित परिवार से मिलने का सिलसिला शुरू हो गया।
भाजपा सांसद राजकुमार चाहर, विधायक भगवान सिंह कुशवाहा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामनाथ सिंह सिरकवार समेत कई संगठनों के पदाधिकारी पीड़ित परिवार से मिले।
भाजपा सरकार पर दलितों पर अत्याचार का आरोप
दरअसल रविवार को सपा सांसद रामजीलाल सुमन भी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। जहां पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत में रामजीलाल सुमन ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर दलितों पर अत्याचार का आरोप लगाया। जब पत्रकारों ने अखिलेश यादव के परिवार से मिलने आने पर सवाल पूछा, तो सुमन ने कहा, “क्या बच्चों जैसी बात करते हो? ये इतना बड़ा मामला नहीं है।”
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने रामजीलाल सुमन के बचाव में उतरते हुए उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि सरकार दलितों के प्रति संवेदनशील नहीं है। अखिलेश यादव ने पीडीए के मुद्दे को लेकर रामजीलाल सुमन का बचाव किया।
तो वहीं दूसरी ओर रामजीलाल सुमन के बयान पर विपक्षी दलों ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। दलित संगठनों ने भी सुमन के बयान की निंदा की है। सोशल मीडिया पर भी सुमन के बयान को लेकर आक्रोश है।
Also Read: असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा में ठगी करने वाला लखनऊ से गिरफ्तार, लाखों रुपये और…

