पाकिस्तान में फिर बड़ा हमला! BLA का दावा- ग्वादर में 30 से ज्यादा सैनिकों को मार गिराया

BLA Attacks Pakistan Army: पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में एक बार फिर हिंसा भड़क उठी है। ग्वादर के जिवानी इलाके में स्थित पाकिस्तान कोस्ट गार्ड कैंप पर हुए फिदायीन हमले की जिम्मेदारी बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने ली है। संगठन का दावा है कि इस हमले में 30 से अधिक पाकिस्तानी सुरक्षाकर्मी मारे गए, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और पाकिस्तान सरकार की ओर से आधिकारिक तौर पर हताहतों की संख्या जारी नहीं की गई है।

‘द बलूचिस्तान पोस्ट’ की रिपोर्ट के मुताबिक, BLA की विशेष ‘मजीद ब्रिगेड’ ने शुक्रवार शाम इस हमले को अंजाम दिया। संगठन का दावा है कि एक आत्मघाती हमलावर विस्फोटकों से भरा ट्रक लेकर कोस्ट गार्ड कैंप के भीतर घुसा, जिसके बाद जोरदार विस्फोट हुआ और कैंप का बड़ा हिस्सा तबाह हो गया।

हमले के बाद BLA के मीडिया विंग ‘हक्कल’ ने 43 सेकंड का एक वीडियो जारी किया। संगठन का दावा है कि इसमें विस्फोट से पहले ट्रक के कैंप में प्रवेश और धमाके के बाद की स्थिति दिखाई गई है। BLA का यह भी कहना है कि ट्रक बम विस्फोट के बाद उसके लड़ाकों ने कैंप के भीतर घुसकर हमला जारी रखा।

लंबे समय से जारी है संघर्ष

बलूच लिबरेशन आर्मी बलूचिस्तान की आजादी की मांग करने वाला एक अलगाववादी संगठन है। पाकिस्तान सरकार ने इसे प्रतिबंधित संगठन घोषित कर रखा है। BLA का आरोप है कि बलूचिस्तान के संसाधनों का दोहन किया जाता है, जबकि क्षेत्र के विकास और स्थानीय लोगों के अधिकारों की अनदेखी होती है।

फिलहाल, पाकिस्तान की ओर से हमले और हताहतों के संबंध में विस्तृत आधिकारिक बयान का इंतजार है।

Also Read: ईरान में खामेनेई का राजकीय अंतिम संस्कार शुरू, ताबूत के पास भारत के धर्मगुरुओं ने की प्रार्थना

Get real time updates directly on you device, subscribe now.