अमेरिका में फिर हुआ विमान हादसा, बाल-बाल बची पायलट की जान, समुद्र में क्रैश हुआ प्लेन
Sandesh Wahak Digital Desk: अमेरिका में एक और विमान हादसा सामने आया है। यह हादसा नॉर्थ कैरोलिना के ओक आइलैंड के पास समुद्र में हुआ। शनिवार, 2 अगस्त 2025 की शाम को लोग समुद्र किनारे टहल रहे थे, तभी एक छोटा विमान अचानक समुद्र में जा गिरा। हादसे के बाद वहां मौजूद लोग दहशत में आ गए।
हादसे का शिकार हुआ विमान एक इंजन वाला छोटा प्लेन था, जिसमें केवल पायलट सवार था। घटना के तुरंत बाद राहत और बचाव अभियान चलाया गया, जिसके चलते पायलट की जान बच गई। उसे मामूली चोटें आईं और नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पायलट ने समुद्र में उतारा प्लेन
समुद्र में गिरे विमान को बाहर निकालने के लिए कई जहाजों की मदद ली गई। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए संघीय उड्डयन प्रशासन (FAA) ने जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी से यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि विमान तकनीकी खराबी की वजह से गिरा या किसी और वजह से पायलट को समुद्र में उतरना पड़ा। चश्मदीदों का कहना है कि विमान सीधे समुद्र की ओर नीचे आया, मानो पानी में लैंडिंग करने की कोशिश कर रहा हो। फिलहाल हादसे की विस्तृत रिपोर्ट जांच के बाद ही सामने आएगी।
गौरतलब है कि इस साल अमेरिका में विमान हादसों की एक श्रृंखला देखने को मिली है। जनवरी में वाशिंगटन के रीगन हवाई अड्डे के पास अमेरिकी सेना का ब्लैक हॉक हेलीकॉप्टर और एक यात्री विमान हवा में टकरा गए थे, जिसमें 67 लोगों की जान चली गई थी। इसके अलावा जनवरी के अंत में फिलाडेल्फिया में एयर एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हुई, जिसमें 8 लोग मारे गए। अप्रैल में न्यूजर्सी के हडसन नदी में हेलीकॉप्टर क्रैश हुआ, जिसमें 5 लोगों की मौत हुई। मई में सैन डिएगो में सेना का विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें 6 लोग मारे गए थे।
Also Read: रूस में आया 7.0 तीव्रता का भूकंप, कामचटका प्रायद्वीप पर सक्रिय हुआ ज्वालामुखी

