अमेरिकी वायुसेना का एक और फाइटर जेट क्रैश, पायलट सुरक्षित
Sandesh Wahak Digital Desk: अमेरिकी वायुसेना के बेहद ख़ास और विशिष्ट प्रदर्शन दस्ते थंडरबर्ड्स (Thunderbirds) का एक लड़ाकू विमान दक्षिणी कैलिफ़ोर्निया के रेगिस्तान में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। राहत की बात यह रही कि पायलट ने अपनी सूझबूझ से समय रहते विमान से सुरक्षित तरीके से इजेक्ट (बाहर) कर लिया।
सेना ने इस दुर्घटना की पुष्टि की है। सैन बर्नार्डिनो काउंटी के दमकल विभाग के अनुसार, पायलट को अस्पताल ले जाया गया है, जहाँ उसका इलाज चल रहा है। गनीमत यह है कि उसे कोई जानलेवा चोट नहीं आई है। नेवादा में स्थित नेलिस एयर फ़ोर्स बेस की ओर से जारी बयान में बताया गया कि यह हादसा बुधवार सुबह लगभग 10:45 बजे हुआ। दुर्घटनाग्रस्त विमान एफ-16सी फाइटिंग फाल्कन कैलिफ़ोर्निया के नियंत्रित हवाई क्षेत्र में एक प्रशिक्षण मिशन पर था।
#AirForce pilot safely ejects before #F16 fighter jet crashes in #California desert pic.twitter.com/3gxHKQJ4Z5
— ShanghaiEye🚀official (@ShanghaiEye) December 4, 2025
दमकल विभाग ने जानकारी दी कि विमान लॉस एंजिलिस से लगभग 290 किलोमीटर उत्तर में स्थित मोजावे रेगिस्तान के ट्रोना नामक इलाके के पास क्रैश हुआ। यह इलाका पहले भी ऐसे हादसों का गवाह रहा है। इससे पहले, 2022 में भी ट्रोना के पास नौसेना का एक एफ/ए-18ई सुपर हॉर्नेट विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था, जिसमें पायलट की मौत हो गई थी। इस बार, थंडरबर्ड्स के पायलट का सुरक्षित बचना बड़ी राहत की बात है।

