Ghaziabad News: नशे की बड़ी खेप बरामद, ANTF ने 36 लाख के गांजे के साथ 4 तस्कर दबोचे

Ghaziabad News: दिल्ली-एनसीआर में नशे का जाल फैलाने की कोशिश कर रहे तस्करों के मंसूबों पर पुलिस ने पानी फेर दिया है। एएनटीएफ (ANTF) मेरठ यूनिट ने गाजियाबाद के थाना विजय नगर क्षेत्र से चार सक्रिय तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 71 किलो 300 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 36 लाख रुपये आंकी जा रही है।

पुलिस महानिरीक्षक (ANTF) के निर्देशन में टीम लगातार मादक पदार्थों की तस्करी पर नजर रख रही थी। गुरुवार (8 जनवरी) को पुख्ता सूचना के आधार पर विजय नगर थाना क्षेत्र के लोकोशेड तिराहे पर घेराबंदी की गई। पुलिस ने मौके से अफजल (राजस्थान), जावाज खान, अहमद खान और रयाज खान (तीनों निवासी दरभंगा, बिहार) को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा

पकड़े गए तस्करों ने पूछताछ में बताया कि वे लंबे समय से इस काले कारोबार में शामिल हैं। उन्होंने कुबूल किया कि वे यह गांजा पश्चिम बंगाल से बिहार के रास्ते ट्रेन के जरिए गाजियाबाद लाए थे। उनकी योजना इस खेप को गाजियाबाद-दिल्ली बॉर्डर के आसपास छोटे-छोटे सप्लायर्स को ऊंचे दामों पर बेचने की थी। पुलिस ने तस्करों के पास से 71 किलो 300 ग्राम गांजा, 3 स्मार्टफोन व एक हजार रुपये बरामद किए हैं।

गाजियाबाद के थाना विजय नगर में इन चारों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इनके नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि एनसीआर में इनके मुख्य खरीदार कौन हैं।

Also Read: Rinku Singh–Priya Saroj Wedding: कब होगी रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की शादी? सामने आई तारीख, बड़े भाई ने दिया अपडेट

Get real time updates directly on you device, subscribe now.