झांसी में ANTF की बड़ी कार्रवाई, 1 करोड़ की मॉर्फिन के साथ राजस्थान के दो तस्कर गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश को नशामुक्त बनाने की दिशा में काम कर रही एण्टी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने सोमवार को झांसी में नशे के एक बड़े कारोबार का भंडाफोड़ किया है। टास्क फोर्स ने कोछाभावर स्थित भारत पेट्रोल पंप के पास घेराबंदी कर दो शातिर तस्करों को दबोचा। इनके पास से 01 किलो 50 ग्राम अवैध मॉर्फिन बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

चेकिंग से बचने के लिए महिला को रखा साथ

पकड़े गए तस्करों की पहचान उकार लाल (45 वर्ष) और लीलाबाई (58 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों राजस्थान के झालावाड़ जिले के रहने वाले हैं। पूछताछ में तस्करों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए एक चौंकाने वाली तरकीब बताई। उन्होंने बताया कि तस्करी के दौरान अक्सर पुरुष तस्कर अपने साथ किसी महिला को रखते हैं, ताकि पुलिस या सुरक्षा एजेंसियों को उन पर शक न हो और वे आसानी से एक राज्य से दूसरे राज्य की सीमा पार कर सकें। लेकिन ANTF की सटीक जानकारी ने उनके इस पुराने पैंतरे को फेल कर दिया।

MP-राजस्थान से UP तक फैला था नेटवर्क

तस्करों ने खुलासा किया कि वे मॉर्फिन की यह खेप राजस्थान और मध्य प्रदेश के इलाकों से लेकर आए थे। इसे उत्तर प्रदेश के गाजीपुर और वाराणसी जैसे जिलों में ऊंचे दामों पर सप्लाई किया जाना था। इस काले कारोबार से होने वाली कमाई का इस्तेमाल ये तस्कर अपने ऐश-ओ-आराम और परिवार के शौक पूरे करने के लिए करते थे।

क्या-क्या हुआ बरामद?

पुलिस ने आरोपियों के पास से निम्नलिखित सामान जब्त किया है:

नशीला पदार्थ: 01 किलो 50 ग्राम अवैध मॉर्फिन (कीमत ₹1 करोड़)।

नकदी: 7,400 रुपये नगद।

इलेक्ट्रॉनिक्स: एक एंड्रॉइड मोबाइल फोन।

अन्य: आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और एक्सिस बैंक का डेबिट कार्ड।

पुलिस की अगली कार्रवाई

झांसी के थाना नवाबाद में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। ANTF अब इनके ‘बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज’ की तलाश कर रही है, यानी यह पता लगाया जा रहा है कि राजस्थान में इन्हें माल कौन देता था और उत्तर प्रदेश में इनके मुख्य खरीदार कौन-कौन हैं। जल्द ही इस गिरोह के अन्य सदस्यों की भी गिरफ्तारी हो सकती है।

Also Read: Sambhal News: मुर्दों के नाम पर 100 करोड़ का बीमा घोटाला करने वाले गिरोह की 12 करोड़ की संपत्ति कुर्क

Get real time updates directly on you device, subscribe now.