सहारनपुर में ANTF ने बरेली के तस्कर को दबोचा, 1.12 करोड़ की स्मैक बरामद
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश को नशा मुक्त बनाने के अभियान में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) को एक और बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। एएनटीएफ की सहारनपुर यूनिट ने एक शातिर अंतर-जनपदीय तस्कर को गिरफ्तार कर उसके पास से करोड़ों रुपये की स्मैक बरामद की है। यह कार्रवाई सहारनपुर के नकुड़ क्षेत्र में अंजाम दी गई।
करोड़ों की स्मैक और मोबाइल बरामद
गिरफ्तार तस्कर की पहचान आमिर (पुत्र जीशान खां) के रूप में हुई है, जो बरेली के फतेहगंज पूर्वी का रहने वाला है। पुलिस ने उसके पास से 557 ग्राम स्मैक पाउडर बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 करोड़ 12 लाख रुपये आंकी गई है। इसके अलावा एक एंड्रॉइड मोबाइल और कुछ नकदी भी मिली है।
एएनटीएफ को सूचना मिली थी कि बरेली का एक तस्कर भारी मात्रा में स्मैक लेकर सहारनपुर आने वाला है। इस पर एएनटीएफ और थाना नकुड़ पुलिस की संयुक्त टीम ने अम्बेहटा पीर-गंगोह रोड पर घाटमपुर तिराहे के पास घेराबंदी की। 15 जनवरी की शाम जैसे ही आमिर वहां पहुँचा, टीम ने उसे धर-दबोचा।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा
पूछताछ के दौरान आमिर ने स्वीकार किया कि वह बरेली से स्मैक लाकर यहाँ सप्लाई करता है। उसने बताया “गाँव के आसपास पकड़े जाने का डर ज्यादा था, इसलिए ग्राहक ने मुझे माल देने के लिए घाटमपुर बुलाया था। मैं इससे पहले भी दो बार गंगोह और शामली में स्मैक की डिलीवरी दे चुका हूँ।” पुलिस अब आमिर के मोबाइल कॉल रिकॉर्ड्स के जरिए उसके पूरे नेटवर्क और मुख्य खरीदार की तलाश में जुट गई है।
इस सफल ऑपरेशन में एएनटीएफ सहारनपुर के उ0नि0 रवि कुमार, नवीन कुमार और उनकी टीम के साथ थाना नकुड़ के पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही। अभियुक्त के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।
Also Read: नशे के सौदागरों पर ANTF की बड़ी चोट, चित्रकूट-झांसी रूट के गांजा तस्करों की 12.6 लाख की गाड़ियां फ्रीज

