संतकबीरनगर में घूसखोर लेखपाल गिरफ्तार, एंटी करप्शन टीम ने रिश्वत लेते रंगे हाथों दबोचा
Sandesh Wahak Digital Desk: भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान में संतकबीरनगर जिले में एक बड़ी कार्रवाई हुई है। शुक्रवार को एंटी करप्शन विभाग, बस्ती की टीम ने खलीलाबाद तहसील से एक लेखपाल को ₹5,000 की घूस लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। लेखपाल पर भूमि की पैमाइश करने के बदले रिश्वत लेने का आरोप है।
कैसे पकड़ा गया रिश्वतखोर?
यह मामला मगहर के अंजान शरीफ मोहल्ला निवासी बेलाल अहमद से जुड़ा है, जिनकी जमीन का विवाद चल रहा था। बेलाल अपनी जमीन की पैमाइश करवाना चाहते थे, लेकिन वहाँ तैनात लेखपाल राम अवध इसके लिए उनसे ₹5,000 की रिश्वत मांग रहा था।
बेलाल ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन विभाग से की, जिसके बाद टीम ने लेखपाल को पकड़ने के लिए एक योजना बनाई। शुक्रवार को, टीम ने बेलाल को केमिकल लगे नोट दिए और उसे लेखपाल राम अवध के पास भेजा। जैसे ही लेखपाल ने बेलाल से रिश्वत के पैसे लिए, सादे कपड़ों में मौजूद एंटी करप्शन टीम ने तुरंत उसे दबोच लिया।
कार्रवाई से मचा हड़कंप
लेखपाल को रंगे हाथों पकड़े जाने के बाद उसे घसीटकर कार तक ले जाया गया, जिससे तहसील परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और वे इस घटना का वीडियो बनाने लगे। फिलहाल, लेखपाल को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Also Read: लखनऊ एयरपोर्ट पर पकड़ी गई ब्लैकलिस्टेड थाई नागरिक, फर्जी पासपोर्ट से कर रही थी यात्रा

