गाजियाबाद में एंटी करप्शन टीम का बड़ा एक्शन, 50 हजार की रिश्वत लेते चौकी इंचार्ज गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान में गाजियाबाद पुलिस को एक बड़ा झटका लगा है। एंटी करप्शन टीम ने गाजियाबाद के कलछीना चौकी इंचार्ज राजीव कुमार को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई गुरुवार को की गई, जिससे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।

शिकायतकर्ता इनामुल ने बताया कि वह एक भूमि विवाद के मुकदमे में गवाह था। चौकी इंचार्ज राजीव कुमार ने उसका नाम मुकदमे से हटाने के लिए 1 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी। इनामुल पहले भी कुछ पुलिसकर्मियों को पैसे दे चुका था, लेकिन नया इंचार्ज फिर से दबाव बना रहा था। काफी बातचीत के बाद यह सौदा 50 हजार रुपये में तय हुआ।

ऐसे बिछाया गया जाल

रिश्वत से परेशान होकर इनामुल ने मेरठ की एंटी करप्शन टीम से संपर्क किया। टीम ने पूरी योजना बनाई और गुरुवार को इनामुल को तय समय पर चौकी भेजा। जैसे ही इनामुल ने दारोगा राजीव कुमार को रिश्वत की रकम सौंपी, बाहर सादे कपड़ों में खड़ी एंटी करप्शन टीम ने तुरंत उन्हें धर दबोचा।

आरोपी दारोगा को पूछताछ के लिए मोदीनगर कोतवाली लाया गया है, जहां आगे की जांच जारी है। इस अचानक हुई कार्रवाई से पूरी पुलिस चौकी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

Also Read: ‘वाराणसी में वोट चोरी का इनाम मिला कमिश्नर को’, अजय राय का PM मोदी पर हमला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.