Sitapur News: एंटी करप्शन टीम ने मिश्रिख तहसील के पेशकार समेत दो को रिश्वत लेते दबोचा

Sitapur News: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लखनऊ की एंटी करप्शन टीम ने मिश्रिख न्यायिक तहसीलदार के पेशकार और उसके एक साथी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी पेशकार अनीस अहमद और कोर्ट में कार्यरत एक प्राइवेट कर्मी रोहित सिंह, एक महिला किसान से दाखिल-खारिज की एवज में 20 हजार रुपये की रिश्वत ले रहे थे। विजिलेंस टीम की इस अचानक छापेमारी से पूरी तहसील में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मामला मिश्रिख निवासी एक महिला किसान से जुड़ा है, जिन्होंने अपनी जमीन के दाखिल-खारिज के लिए अपील की थी। आरोप है कि न्यायिक तहसीलदार अतुल सेन सिंह के पेशकार अनीस अहमद और कोर्ट कर्मी रोहित सिंह काम करने के बदले लगातार 20 हजार रुपये देने का दबाव बना रहे थे। दलालों और अधिकारियों की प्रताड़ना से परेशान होकर महिला ने इसकी शिकायत सीधे लखनऊ एंटी करप्शन टीम से कर दी।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया। मंगलवार को जैसे ही आरोपियों ने महिला किसान को पैसे लेकर तहसील बुलाया और रिश्वत की रकम हाथ में ली, पहले से घात लगाए बैठी टीम ने दोनों को रंगे हाथों दबोच लिया। पकड़े जाने के बाद आरोपी गिड़गिड़ाने और माफी मांगने लगे, लेकिन टीम ने उन्हें हिरासत में ले लिया। एंटी करप्शन टीम दोनों को लेकर संदना कोतवाली पहुंची, जहां उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Also Read: Lucknow News: संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग का जोर, जनहित के मुद्दों पर हुई विस्तृत चर्चा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.