फिल्म Assi से कोर्टरूम ड्रामा में दिखेगा दम, अनुभव सिन्हा और तापसी पन्नू की जोड़ी फिर साथ

Sandesh Wahak Digital Desk: डायरेक्टर अनुभव सिन्हा और एक्ट्रेस तापसी पन्नू जब भी किसी फिल्म के लिए साथ आते हैं, तो वह सिर्फ फिल्म नहीं बल्कि दर्शकों के लिए एक मजबूत सिनेमाई अनुभव लेकर आते हैं। इसी कड़ी में अब दोनों Assi नाम की नई फिल्म लेकर आ रहे हैं, जो 20 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। यह एक कोर्टरूम ड्रामा फिल्म है, जिसमें तापसी पन्नू लीड रोल में नजर आएंगी और फिल्म का निर्देशन अनुभव सिन्हा ने किया है।

साझा किया काम करने का अनुभव

अनुभव सिन्हा के साथ काम करने के अपने अनुभव को साझा करते हुए तापसी पन्नू ने कहा कि वह जीवन की वास्तविकता को बहुत सहज तरीके से पर्दे पर दिखाते हैं। उनका मानना है कि अनुभव सिन्हा चीजों को इतनी सादगी और सच्चाई के साथ पेश करते हैं कि दर्शक उन्हें नजरअंदाज नहीं कर सकते। यही उनकी फिल्मों को प्रभावशाली बनाता है।

पहले भी साथ कर चुके हैं कई सफल फिल्में

दरअसल फिल्म Assi से पहले तापसी पन्नू अनुभव सिन्हा के साथ ‘मुल्क’ और ‘थप्पड़’ जैसी फिल्मों में काम कर चुकी हैं। तापसी ने कहा कि वह अनुभव सिन्हा को सिर्फ कोर्टरूम ड्रामा तक सीमित नहीं रखना चाहती हैं। उनके मुताबिक अनुभव सिन्हा ऐसी कई कहानियां दिखाते हैं जो उनकी फिल्मों को नाटकीय होने के साथ-साथ बेहद वास्तविक बनाती हैं और दर्शकों को अपनी जिंदगी के करीब लगती हैं।

तापसी ने अनुभव सिन्हा की फिल्मों का जिक्र करते हुए कहा कि चाहे ‘मुल्क’ या Assi जैसी कोर्टरूम ड्रामा फिल्में हों या फिर ‘थप्पड़’ और ‘आर्टिकल 15’ जैसी कहानियां, उनका कहानी कहने का तरीका अलग होता है। वह तथ्यों को बहुत सहजता से पेश करते हैं। कई बार उनकी फिल्में सच्चाई का ऐसा आईना दिखाती हैं, जिसे देखना आसान नहीं होता।

एक्टर के लिए आसान होता है काम करना

तापसी पन्नू ने कहा कि अनुभव सिन्हा के साथ एक एक्टर के तौर पर काम करना आसान होता है क्योंकि वह कहानी और सीन को इस तरह तैयार करते हैं कि एक्टर खुद को सुरक्षित महसूस करता है। उनके मुताबिक जब डायरेक्टर सरल कहानियों को मजबूती से पेश करने की क्षमता रखता है तो एक्टर्स को बेहतर प्रदर्शन करने का मौका मिलता है और गलती की गुंजाइश कम रह जाती है।

पोस्टर के बाद से फिल्म को लेकर बना माहौल

वहीं अब फिल्म Assi का पोस्टर सामने आने के बाद से ही इसे लेकर जबरदस्त माहौल बना हुआ है। सोशल मीडिया पर फैंस फिल्म को लेकर काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं। अब रिलीज के बाद यह देखना दिलचस्प होगा कि इस बार अनुभव सिन्हा और तापसी पन्नू की जोड़ी दर्शकों पर कितना प्रभाव छोड़ती है।

 

Also Read: India-US Trade Deal: SBI ने बताया कितना होगा फायदा, 90 अरब डॉलर पार कर सकता है ट्रेड सरप्लस

Get real time updates directly on you device, subscribe now.