Rampur News: अनुज चौधरी को अखिलेश यादव ने दिया था प्रमोशन, बहस पर बोले आजम खान, बदसलूकी मेरी मंशा नहीं थी
Rampur News: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान ने एक बार फिर अपने बयान से राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। उन्होंने यूपी पुलिस के एक अधिकारी अनुज चौधरी के प्रमोशन का किस्सा याद करते हुए खुलासा किया कि उन्हें सपा सरकार में तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रमोट किया था।
आजम खान ने बताया, जब अखिलेश यादव प्रदेश के मुख्यमंत्री थे, तब उन्होंने अनुज चौधरी को पहलवानी में मेडल जीतने पर प्रमोट किया था। यह जरूरी नहीं था कि ऐसा किया ही जाए, लेकिन उन्होंने कर दिया, यह उनका नसीब था।
पुराने किस्से पर दिया स्पष्टीकरण
आजम खान ने एक पुराने किस्से का जिक्र किया, जब वे अपने सील किए गए पार्टी कार्यालय जा रहे थे। उन्होंने बताया कि रास्ते में पुलिस लोगों को रोक रही थी, जबकि वहाँ धारा 144 लागू नहीं थी। आजम खान ने कहा, मुझे यह ठीक नहीं लगा कि आम लोगों की आजादी पर इस तरह रोक लगाई जाए। मैंने बस इतना कहा कि आप ऐसा क्यों कर रहे हैं, इससे सरकार की बदनामी हो रही है।

अनुज चौधरी से बहस और गैरत का सवाल
आजम खान ने बताया कि इस बात पर अनुज चौधरी ने कुछ जवाब दिया था, जो उन्हें अच्छा नहीं लगा। उन्होंने अनुज चौधरी के एक बयान का उल्लेख करते हुए कहा, अगर आपके शरीर पर रंग पड़ जाए तो क्या आप उसे काटकर फेंक देंगे। आजम खान ने साफ किया, तब मैंने सिर्फ यह याद दिलाया कि हमारी सरकार ने आपको क्या दिया था। मेरी मंशा बदसलूकी करने की नहीं थी।
जब उनसे मुकदमों की फीस और जुर्माने के लिए सपा से आर्थिक मदद लेने के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने स्पष्ट कहा, क्या मेरी गैरत इसकी इजाजत देगी। लोग ईमान का सौदा कर लेते होंगे, लेकिन मैं ऐसा नहीं कर सकता। अपने राजनीतिक भविष्य पर बात करते हुए आजम खान ने कहा कि लोग बुझते चिराग को देखने नहीं आते हैं।
उन्होंने कहा, अब चिराग की लौ कितनी है, यह वक्त बताएगा। लेकिन मैं रोशनी के पक्ष में हूँ। उन्होंने आपातकाल के दौरान अपने जीवन के संघर्षों को याद करते हुए उम्मीद जताई कि उन्हें न्याय मिलेगा और वह सभी मुकदमों से बरी हो जाएंगे।
Also Read: अब टीचरों की लेट एंट्री पर लगेगी लगाम, हाईकोर्ट ने यूपी सरकार को दिए बड़े निर्देश

