खोसला का घोसला 2 में रवि किशन की एंट्री, अनुपम खेर ने बताया शानदार अभिनेता और महान इंसान

Sandesh Wahak Digital Desk: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर ने अपनी कल्ट क्लासिक फिल्म खोसला का घोसला के सीक्वल की शूटिंग का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। लेकिन इस बार खोसला परिवार की इस कहानी में एक नया और दमदार चेहरा नजर आने वाला है और वो हैं रवि किशन। अनुपम खेर ने सोशल मीडिया पर रवि किशन का बड़े ही गर्मजोशी के साथ स्वागत किया है।

अनुपम खेर ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने रवि किशन को फिल्म की कास्ट में शामिल होने पर बधाई दी। अनुपम ने लिखा, एक शानदार अभिनेता और एक महान इंसान, मुझे बेहद खुशी है कि मेरे प्यारे दोस्त रवि किशन इस फिल्म का हिस्सा बने हैं। मैं रवि को एक मेहनती सांसद और सबसे बढ़कर एक बेहतरीन इंसान के रूप में सराहता हूं। उनके साथ सीन करने का मुझे बेसब्री से इंतजार है। हर हर महादेव!

अनुपम खेर की 550वीं फिल्म, एक इमोशनल सफर

खोसला का घोसला 2 अनुपम खेर के करियर की 550वीं फिल्म है। इस खास मौके पर उन्होंने 3 जून, 1981 के उन दिनों को याद किया, जब वे पहली बार मुंबई आए थे। उन्होंने कान्स फिल्म फेस्टिवल के उस वाकये का भी जिक्र किया जब एक अंतरराष्ट्रीय निर्देशक ने उन्हें इंडियन सिनेमा का मैराथन मैन कहा था। अनुपम ने भावुक होते हुए कहा कि उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि वे 550 फिल्मों का यह जादुई आंकड़ा छू लेंगे।

कब रिलीज होगी फिल्म

फिल्म के निर्देशन की कमान उमेष बिष्ट संभाल रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, फिल्म की स्क्रिप्ट पूरी तरह तैयार है और कास्टिंग का काम भी अंतिम चरण में है। फिल्म की शूटिंग शुरू हो चुकी है और मेकर्स इसे 2026 में रिलीज करने की योजना बना रहे हैं। पहले भाग की तरह यह फिल्म भी एक शुद्ध कॉमेडी होगी, जो आम आदमी के संघर्ष और परिवार की बॉन्डिंग को गुदगुदाते हुए दिखाएगी।

Also Read: कांग्रेस को भगवान राम से समस्या, VB-GRamG विरोध पर बोले गिरिराज सिंह

Get real time updates directly on you device, subscribe now.