‘हाइड्रोजन बम की जगह फुलझड़ी निकली’, अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी पर कसा तंज
Sandesh Wahak Digital Desk: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी द्वारा ‘वोट चोरी’ के आरोपों पर बीजेपी ने पलटवार किया है। बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी अपनी लगातार चुनावी हार से निराश हो चुके हैं और उन्होंने ‘आरोपों की राजनीति’ को अपना हथियार बना लिया है।
‘झूठे आरोप लगाते हैं और भाग जाते हैं’
अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी पर हमला करते हुए कहा कि उनकी आदत निराधार आरोप लगाने की बन गई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब चुनाव आयोग उनके आरोपों की पुष्टि करने को कहता है या शपथ पत्र देने को कहता है, तो वह पीछे हट जाते हैं। ठाकुर ने कहा आरोप लगाने के बाद माफी मांगना और कोर्ट से फटकार खाना राहुल गांधी का काम हो गया है।
राहुल की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर टिप्पणी करते हुए ठाकुर ने कहा कि जो ‘हाइड्रोजन बम’ फोड़ने वाले थे, वह ‘फुलझड़ी’ बनकर रह गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि राहुल के नेतृत्व में कांग्रेस लगभग 90 चुनाव हारी है, जिससे उनकी हताशा बढ़ती जा रही है।
‘आत्मचिंतन करें राहुल’
मुंबई बीजेपी अध्यक्ष अमित साटम ने कहा कि राहुल गांधी हमेशा ऐसे बयान देकर देश को गुमराह करने की कोशिश करते हैं। उन्होंने राहुल को सलाह दी कि उन्हें आत्मचिंतन करना चाहिए कि उन्हें इतने कम वोट क्यों मिले। अमित साटम ने कहा कि अगर राहुल अपनी गलतियां समझेंगे तो शायद जीवन में आगे बढ़ पाएंगे।
केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने भी राहुल पर निशाना साधते हुए कहा कि यह ‘दिवालियापन’ है कि वह संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा आपको ना ईडी पर विश्वास है, ना सीबीआई, ना चुनाव आयोग, ना जनता पर। देश की जनता इसलिए आपको गंभीरता से नहीं लेती है। उन्होंने आगे कहा कि जनता ने राहुल को तीसरी बार भी किनारे कर दिया है, इसलिए वे अपनी खीझ चुनाव आयोग पर निकाल रहे हैं।
Also Read: पीएम मोदी ने नेपाल की पहली महिला प्रधानमंत्री सुशीला कार्की से की बात, राष्ट्रीय दिवस की दी बधाई

