Amethi News: अपर्णा यादव का 2027 चुनाव को लेकर बड़ा दावा, अखिलेश यादव के PDA नारे पर साधा निशाना

Amethi News: उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष और समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की बहू अपर्णा यादव ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर एक बड़ा दावा किया है। उन्होंने आत्मविश्वास के साथ कहा है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में यूपी में एक बार फिर से कमल खिलेगा और भारतीय जनता पार्टी (BJP) पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी।

अपर्णा यादव शनिवार को अमेठी में आयोजित सरदार वल्लभभाई पटेल एकता यात्रा में शामिल होने पहुँची थीं। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में यह बड़ा बयान दिया। जब मीडिया ने अपर्णा यादव से सपा मुखिया अखिलेश यादव के नए नारे पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के गठबंधन पर सवाल किया, तो उन्होंने इसे सिरे से नकार दिया।

अपर्णा यादव ने दावा किया, मैं दावे के साथ कह सकती हूँ कि 2027 में उत्तर प्रदेश में फिर से कमल खिलेगा और बीजेपी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी। बीजेपी नेत्री ने कहा कि केवल उत्तर प्रदेश ही नहीं, बल्कि भारत में जहाँ-जहाँ भी चुनाव होंगे, वहाँ कमल खिलने वाला है। उन्होंने बीजेपी की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि पार्टी के इरादे साफ हैं और हर कार्यकर्ता साल के 365 दिन जनता और भारत के लिए काम करता है। उन्होंने संकल्प लिया कि पार्टी अपने इरादों को और मजबूत करेगी।

बिहार की जीत पर भी की टिप्पणी

बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए (NDA) की जीत पर टिप्पणी करते हुए अपर्णा यादव ने कहा कि बिहार की जनता ने महागठबंधन को बढ़िया जवाब दिया है। उन्होंने आगे कहा कि जनता विकास (Development) चाहती है, और यही कारण है कि उसने विकास के लिए एनडीए को चुना है।

Also Read: Lucknow News: मामूली पैसों के विवाद में युवक की हत्या, गाजीपुर पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.