त्योहारों पर शांति बनाए रखने की अपील, कुशीनगर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

Sandesh Wahak Digital Desk: दुर्गा पूजा, दशहरा और दिवाली जैसे बड़े त्योहारों को देखते हुए, कुशीनगर के जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने अधिकारियों और समाज के प्रतिष्ठित लोगों के साथ एक ‘पीस कमेटी’ की बैठक की। इस बैठक में उन्होंने लोगों से शांति और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील की।

जिलाधिकारी ने कहा, “हमने अब तक सभी त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाए हैं, और मुझे विश्वास है कि आने वाले त्योहार भी आपसी तालमेल से सकुशल संपन्न होंगे।” उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। अगर कोई समस्या आती है, तो तुरंत अधिकारियों को बताएं ताकि समय रहते उसका समाधान हो सके।

पुलिस की खास तैयारी, सोशल मीडिया पर नजर

अपर पुलिस अधीक्षक निवेश कटियार ने बताया कि जिले में लगभग 1716 जगहों पर दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी, जिसके लिए पुलिस और प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। पुलिस की ड्यूटी भी लगा दी गई है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने त्योहार खुशी और सुरक्षित माहौल में मनाएं।

निवेश कटियार ने सोशल मीडिया पर भी कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो लोग अनावश्यक या भड़काऊ पोस्ट शेयर करेंगे, उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में उपस्थित धर्मगुरुओं और प्रबुद्धजनों ने भी भाईचारा बनाए रखने पर जोर दिया और प्रशासन को शांति व्यवस्था बनाए रखने में पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया।

अपर जिलाधिकारी वैभव मिश्रा ने मूर्ति स्थापित करने वालों को डीजे और वाहन चालकों के नंबर नोट करने को कहा, और हिदायत दी कि किसी भी हाल में अश्लील गाने न बजाए जाएं। इसके अलावा, उन्होंने विसर्जन स्थलों पर साफ-सफाई, रस्सी और लाइटिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

Also Read: लखनऊ में घर बनाना हुआ आसान! LDA उपाध्यक्ष ने नए नियमों की दी जानकारी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.