अमेरिका में 100 अरब डॉलर का अतिरिक्त निवेश करेगा एप्पल, 20,000 नई नौकरियां देगा

Sandesh Wahak Digital Desk: दिग्गज टेक कंपनी एप्पल ने अमेरिका में बड़ा निवेश करने का ऐलान किया है। कंपनी ने अपने पहले के 500 अरब डॉलर के निवेश में 100 अरब डॉलर और जोड़ने का फैसला किया है, जिससे अब यह कुल निवेश 600 अरब डॉलर हो जाएगा। यह निवेश अगले चार सालों में किया जाएगा।

एप्पल का यह फैसला ऐसे समय पर आया है जब अमेरिकी राष्ट्रपति कंपनियों पर अमेरिका में ही निवेश करने का दबाव बना रहे हैं। कंपनी ने एक खास प्रोग्राम ‘अमेरिकन मैन्युफैक्चरिंग प्रोग्राम’ (एएमपी) शुरू करने की भी घोषणा की है। इस प्रोग्राम का मकसद एप्पल डिवाइसेज के कॉम्पोनेंट्स को अमेरिका में बनाना है।

इस कदम से अमेरिका में करीब 20,000 नई नौकरियां पैदा होने की उम्मीद है। एप्पल के सीईओ टिम कुक ने बताया कि इस पहल के तहत एप्पल दुनिया भर में बेचे जाने वाले अपने प्रोडक्ट्स के लिए कॉम्पोनेंट्स बनाने वाली 10 कंपनियों के साथ मिलकर अमेरिका में काम करेगी।

इस प्रोग्राम में एप्पल के शुरुआती साझेदार कंपनियों में कॉर्निंग, कोहेरेंट, ग्लोबलवेफर्स अमेरिका (GWA), एप्लाइड मैटेरियल्स, टेक्सास इंस्ट्रूमेंट्स (TI), सैमसंग, ग्लोबलफाउंड्रीज, एमकोर और ब्रॉडकॉम शामिल हैं।

एप्पल ने यह भी बताया कि वह अगले चार सालों में रिसर्च एंड डेवलपमेंट (R&D), सिलिकॉन इंजीनियरिंग, सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और मशीन लर्निंग (ML) जैसे क्षेत्रों में 20,000 लोगों को सीधे तौर पर नौकरी पर रखेगी। फिलहाल, कंपनी अमेरिका के 50 राज्यों में हजारों सप्लायर्स के साथ मिलकर काम करती है, जिससे करीब 4.5 लाख से ज़्यादा नौकरियों को सहारा मिलता है।

Also Read: ट्रंप के 50% टैरिफ से भारत के इन सेक्टरों को लगेगा तगड़ा झटका

Get real time updates directly on you device, subscribe now.