Bareilly News: 570 नवचयनित आंगनबाड़ी सहायिकाओं को बांटे गए नियुक्ति पत्र

Bareilly News: बरेली जनपद के आईएमए हाल में 570 नवचयनित आंगनबाड़ी सहायिकाओं का नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम अत्यंत गरिमामय माहौल में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, विधान परिषद सदस्य कुंवर महाराज सिंह, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, नवाबगंज विधायक एमपी आर्य, जिलाधिकारी अविनाश सिंह और मुख्य विकास अधिकारी देवयानी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया और चयनित अभ्यर्थियों को बधाई दी।

570 नवचयनित आंगनबाड़ी सहायिकाओं को बांटे गए नियुक्ति पत्र

बच्चों और महिलाओं का स्वास्थ्य व पोषण पहली प्राथमिकता

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल ने कहा कि नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाली सहायिकाओं के जीवन की यह एक नई और महत्वपूर्ण शुरुआत है। उन्होंने जोर देकर कहा कि एक स्वस्थ और सशक्त समाज का निर्माण स्वस्थ बच्चों के माध्यम से ही संभव है। विधान परिषद सदस्य कुंवर महाराज सिंह ने नवचयनित सहायिकाओं को अपने दायित्वों का पूरी ईमानदारी से निर्वहन करने की प्रेरणा दी और विशेष रूप से कुपोषित बच्चों व गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य पर ध्यान देने की अपील की।

नवाबगंज विधायक एमपी आर्य ने अपने संबोधन में बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा मानदेय कर्मियों के मानदेय में वृद्धि करने और उन्हें निशुल्क चिकित्सा कार्ड उपलब्ध कराने के लिए ऐतिहासिक कदम उठाए जा रहे हैं। वहीं, जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने पारदर्शी चयन प्रक्रिया की सराहना करते हुए जानकारी दी कि कुल 705 रिक्त पदों के सापेक्ष 570 पदों पर निष्पक्ष चयन कर लिया गया है, जबकि शेष 135 पदों पर भी जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने बताया कि यह चयन प्रक्रिया पूरी तरह जीरो टॉलरेंस नीति के तहत मेरिट के आधार पर सम्पन्न हुई है।

570 नवचयनित आंगनबाड़ी सहायिकाओं को बांटे गए नियुक्ति पत्र

पोषण ट्रैकर पोर्टल से आंका जाएगा कार्य, दिया जाएगा प्रशिक्षण

मुख्य विकास अधिकारी देवयानी ने चयनित सहायिकाओं को जिम्मेदारी का अहसास कराते हुए कहा कि 0 से 6 वर्ष के बच्चों और धात्री महिलाओं के पोषण व शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि सभी सहायिकाओं को तकनीकी प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, जिसमें पोषण ट्रैकर पोर्टल पर डेटा फीडिंग करना सिखाया जाएगा। पोर्टल पर दर्ज कार्य विवरण के आधार पर ही उनके प्रदर्शन का आकलन किया जाएगा। अवनीश यादव के कुशल मंच संचालन के साथ यह कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: Gautam Gambhir: ‘मेरा काम ट्रॉफी जीतना है, लाइक्स-व्यूज नहीं’, आलोचकों को गंभीर का दो टूक जवाब

Get real time updates directly on you device, subscribe now.