Bareilly News: 37 केंद्रों पर करीब 20 हजार अभ्यर्थी कल देंगे लेखपाल भर्ती परीक्षा, एसपी सिटी ने 259 जवानों को ब्रीफ कर दिए निर्देश
Bareilly News: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) द्वारा आयोजित होने वाली लेखपाल भर्ती परीक्षा को पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए बरेली पुलिस ने कमर कस ली है। जिले के 37 केंद्रों पर होने वाली इस बड़ी परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बुधवार को पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक ने रिजर्व पुलिस लाइन के रविन्द्रालय सभागार में एक महत्वपूर्ण ब्रीफिंग बैठक की। इस बैठक में परीक्षा ड्यूटी में तैनात सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सुरक्षा व मुस्तैदी के कड़े दिशा-निर्देश दिए गए।

74 उपनिरीक्षकों के हाथों में होगी कमान
आपको बता दें कि 21 मई को सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक होने वाली इस परीक्षा में जिले भर से कुल 19,968 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन और सकुशल संपन्न कराने के लिए भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था की कमान 74 उपनिरीक्षकों के हाथों में होगी, जिनके साथ 185 मुख्य आरक्षी, आरक्षी और महिला आरक्षियों समेत कुल 259 पुलिसकर्मियों को मुस्तैद किया गया है।
एसपी सिटी मानुष पारीक ने ब्रीफिंग के दौरान साफ कहा कि सभी ड्यूटी कर्मी समय से अपने-अपने परीक्षा केंद्रों पर पहुंच जाएं और अत्यंत सतर्कता बरतें। उन्होंने परीक्षा केंद्रों के बाहर यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने, भीड़ को नियंत्रित करने और महिला अभ्यर्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। इसके साथ ही संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त चौकसी बरतने की बात कही गई है। एसपी सिटी ने जवानों को अनुशासन, संयम और पूर्ण निष्पक्षता के साथ काम करने के लिए प्रेरित किया ताकि परीक्षा पूरी तरह से सुरक्षित और पारदर्शी माहौल में हो सके।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: EPFO सदस्यों के लिए बड़ी राहत, जल्द UPI से तुरंत निकाल सकेंगे PF का पैसा

