अपूर्वा मुखीजा ने कंटेंट क्रिएशन के व्यावसायीकरण से तंग आकर इंडस्ट्री छोड़ने का दिया संकेत
Sandesh Wahak Digital Desk: डिजिटल कंटेंट क्रिएशन की दुनिया में अपनी बेबाक हास्य शैली से पहचान बनाने वाली अपूर्वा मुखीजा ने इस फील्ड के तेजी से बढ़ते व्यवसायीकरण पर कड़ी निराशा जाहिर की है और इंडस्ट्री से दूरी बनाने का इशारा दिया है। एक इंटरव्यू में अपूर्वा ने कंटेंट क्रिएशन के कारोबार में बदल जाने पर गहरी चिंता जताई।
उन्होंने ऑनलाइन दुनिया को एक सर्कस बताते हुए कहा कि यहां मीडिया योग्यता से ज्यादा ‘क्लिक्स’ के लिए लोगों का पीछा करता है। कंटेंट क्रिएशन के धंधे में बदल जाने पर अपनी निराशा जाहिर करते हुए अपूर्वा मुखीजा ने सवाल किया, हम सभी ने इसे मजे के लिए शुरू किया था, और अब लोग इसे एक इंडस्ट्री कहते हैं। यह तो बस कैमरे से बात करने की बात थी, यह इतना गंभीर कैसे हो गया?
उन्होंने प्रासंगिक बने रहने के लिए इवेंट्स में शामिल होने, तस्वीरें खिंचवाने और लगातार नेटवर्क बनाए रखने के दबाव को सामने रखा। अपूर्वा ने स्पष्ट कहा, मुझे नहीं पता कि किसने इस फील्ड का इतना व्यवसायीकरण कर दिया। मैंने इसे कभी इतनी गंभीरता से नहीं लिया। मैं तो बस एक लड़की हूं जो कैमरे से बात करना चाहती है; यह सच में इतना गहरा नहीं है।
कंटेंट क्रिएशन से लेना चाहती हैं संन्यास
लगातार कंटेंट बनाने की मांगों से थक चुकी अपूर्वा ने अब संन्यास लेने की इच्छा जताई है। उन्होंने कहा, मैं कंटेंट क्रिएशन से संन्यास लेना चाहती हूं। मैं यह काम बहुत लंबे समय से कर रही हूं, इसलिए अब मैं कुछ और करना चाहती हूं। अपूर्वा ने इशारा दिया कि वह फिलहाल किसी और प्रोजेक्ट पर काम कर रही हैं। उन्होंने कहा, मैं किसी और चीज पर काम कर रही हूं। अगर यह अच्छा रहा, तो ठीक है, अगर नहीं, तो मैं हमेशा कंटेंट ही बना रही हूं।

हालिया विवाद बना बड़ी वजह
यह घोषणा ऐसे समय में आई है जब अपूर्वा को हाल ही में जनता की कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ा था। इस साल की शुरुआत में, समय रैना के शो ‘इंडिया गॉट लेटेंट’ के एक एपिसोड के दौरान की गई उनकी टिप्पणियों को लेकर उन्हें आलोचना झेलनी पड़ी थी, जिसने राष्ट्रीय महिला आयोग का भी ध्यान खींचा था। डिजिटल क्रिएटर के रूप में शोहरत पाने वाली अपूर्वा मुखीजा ने रियलिटी शो ‘द ट्रेटर्स इंडिया’ (जिसे करण जौहर ने होस्ट किया था) से टेलीविजन पर भी अपनी शुरुआत की थी।

