Sandesh Wahak Digital Desk: जम्मू-कश्मीर क्रिकेट ने इतिहास रच दिया है। 18 फरवरी को खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में जम्मू-कश्मीर की टीम ने पश्चिम बंगाल को 6 विकेट से हराकर पहली बार रणजी ट्रॉफी के फाइनल में जगह बना ली।
इस ऐतिहासिक जीत के सबसे बड़े नायक रहे दाएं हाथ के तेज गेंदबाज आकिब नबी, जिन्होंने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया।
कल्याणी स्थित बंगाल क्रिकेट अकादमी ग्राउंड पर खेले गए सेमीफाइनल में जम्मू-कश्मीर ने मजबूत पश्चिम बंगाल क्रिकेट टीम को मात देकर अपने अब तक के सर्वश्रेष्ठ रणजी अभियान को अंजाम तक पहुंचाया।
टीम के इस सफर में कई खिलाड़ियों का योगदान रहा, लेकिन आकिब नबी हर बड़े मुकाबले में निर्णायक साबित हुए।

क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल में ‘प्लेयर ऑफ द मैच’
क्वार्टर फाइनल में मध्यप्रदेश के खिलाफ आकिब नबी ने पहली पारी में 7 विकेट और दूसरी पारी में 5 विकेट झटकते हुए जम्मू-कश्मीर को 56 रन से जीत दिलाई।
इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। सेमीफाइनल में भी उन्होंने अपनी लय बरकरार रखी और बंगाल के खिलाफ गेंद और बल्ले दोनों से टीम को मजबूती दी।
सेमीफाइनल में गेंद के साथ बल्ले से भी कमाल
बंगाल के खिलाफ सेमीफाइनल में आकिब नबी ने कुल 9 विकेट चटकाए, वहीं पहली पारी में 42 रनों की अहम पारी खेलकर टीम को बढ़त दिलाई। उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के दम पर जम्मू-कश्मीर ने फाइनल में ऐतिहासिक प्रवेश किया और आकिब को एक बार फिर ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ घोषित किया गया।
आईपीएल से लेकर टीम इंडिया की नजरें
29 वर्षीय आकिब नबी ने साल 2020 में जम्मू-कश्मीर के लिए प्रथम श्रेणी क्रिकेट में डेब्यू किया था। उनके लगातार शानदार प्रदर्शन का असर अब राष्ट्रीय स्तर पर भी दिख रहा है।
आईपीएल 2026 के लिए दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें 8.40 करोड़ रुपये में साइन किया है। अब रणजी ट्रॉफी फाइनल में भी उनके प्रदर्शन पर न सिर्फ जम्मू-कश्मीर के फैंस, बल्कि भारतीय टीम के चयनकर्ताओं की नजरें टिकी रहेंगी।

