आराधना मिश्रा बनीं UP Congress की नई अध्यक्ष, इमरान मसूद बने कार्यकारी अध्यक्ष
Aradhana Mishra UP Congress President: उत्तर प्रदेश कांग्रेस में संगठनात्मक बदलाव को लेकर चल रही अटकलों पर अब विराम लग गया है। कांग्रेस ने रामपुर खास से विधायक और कांग्रेस विधायक दल की नेता आराधना मिश्रा ‘मोना’ (Aradhana Mishra Mona) को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त कर दिया है। उनके साथ सहारनपुर से सांसद इमरान मसूद (Imran Masood) को कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
कांग्रेस ने यह नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से की हैं। इसके साथ ही पार्टी ने निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष अजय राय (Ajay Rai) की जगह आराधना मिश्रा को संगठन की कमान सौंप दी है। कांग्रेस ने अजय राय के कार्यकाल और योगदान की भी सराहना की है।
कौन हैं आराधना मिश्रा ‘मोना’?
Aradhana Mishra को ‘मोना’ के नाम से भी जाना जाता है। वह प्रतापगढ़ की रामपुर खास विधानसभा सीट से लगातार तीन बार विधायक चुनी गई हैं और कांग्रेस विधायक दल (CLP) की नेता रही हैं। वह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी (Pramod Tiwari) की बेटी हैं।
प्रमोद तिवारी रामपुर खास से नौ बार विधायक रह चुके हैं। इस सीट पर तिवारी परिवार का लंबे समय से राजनीतिक प्रभाव रहा है। आराधना मिश्रा दो दशक से ज्यादा समय से राजनीति में सक्रिय हैं और उत्तर प्रदेश की राजनीति में कांग्रेस के प्रमुख महिला चेहरों में शामिल हैं।
प्रियंका गांधी की करीबी मानी जाती हैं
आराधना मिश्रा को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra) का करीबी माना जाता है। उन्होंने प्रियंका गांधी के ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ अभियान में भी उनके साथ काम किया था। अब यूपी कांग्रेस की कमान मिलने के बाद विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी संगठन में उनकी भूमिका अहम हो गई है।
इमरान मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी
कांग्रेस ने सहारनपुर से सांसद इमरान मसूद को यूपी कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया है। इसके अलावा देविंदर निषाद और आलोक प्रसाद को वरिष्ठ उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी ने चौधरी वीरेंद्र सिंह को उत्तर प्रदेश में कांग्रेस विधायक दल का नेता नियुक्त करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी है।
इससे पहले दिनभर Aradhana Mishra और इमरान मसूद के नामों को लेकर अटकलें चल रही थीं। शाम तक सामने आई आधिकारिक जानकारी के बाद अब यूपी कांग्रेस के नए संगठनात्मक नेतृत्व की तस्वीर साफ हो गई है।

