अरबाज मर्डर केस: महिला मित्र से बदसलूकी बना कत्ल की वजह, दोस्त ही निकला दुश्मन
Sandesh Wahak Digital Desk: कानपुर के जाजमऊ इलाके में दोस्ती के रिश्ते को शर्मसार कर देने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। 21 वर्षीय युवक अरबाज खान की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस खौफनाक वारदात को उसके ही दोस्त समीर ने अंजाम दिया, और हैरानी की बात ये रही कि कत्ल के बाद उसने शव के साथ सेल्फी तक ली। हत्या में समीर का साथ दिया उसकी महिला मित्र के भाई शोएब ने, जिसकी अरबाज से पहले से ही रंजिश थी।
हत्या की वजह: महिला मित्र से बदसलूकी
पुलिस की जांच में सामने आया कि अरबाज, समीर की महिला मित्र को ब्लैकमेल कर रहा था और उससे बदसलूकी करता था। जब समीर को यह बात पता चली तो उसने शोएब को बताया, जिसके बाद दोनों ने मिलकर हत्या की साजिश रच डाली। सोमवार देर रात अरबाज को फोन कर गंगा किनारे बुलाया गया और वहीं उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई।
कैसे रची गई साजिश

पुलिस के मुताबिक, समीर और शोएब ने पहले से पूरी प्लानिंग कर रखी थी। जैसे ही अरबाज वहां पहुंचा, समीर ने बिजली के तार से उसका गला कस दिया और शोएब ने सब्जी काटने वाले चाकू से गर्दन रेतने की कोशिश की। जब चाकू गर्दन नहीं काट पाया तो समीर ने वहीं चाकू उसकी गर्दन में घोंप दिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू, तार और दोनों के कपड़े बरामद कर लिए हैं।
शव मिलने से पहले जेल में था अरबाज
अरबाज कुछ दिन पहले ही जेल से छूटा था। उस पर गंगा पुल से छलांग लगाकर आत्महत्या की कोशिश का केस दर्ज था। रविवार को ही वह बाहर आया था। सोमवार की रात वह छत पर बैठा था, तभी उसके फोन पर लगातार कॉल्स आने लगीं। रात करीब 12:30 बजे वह फोन पर बात करते हुए घर से निकल गया, लेकिन फिर कभी नहीं लौटा।
सुबह गंगा किनारे मिला शव

मंगलवार सुबह करीब छह बजे गंगा किनारे अरबाज का खून से सना शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि उसकी सांस की नली कटने से मौत हुई। गर्दन पर कई धारदार हथियार के निशान पाए गए।
पुलिस ने दो आरोपियों को भेजा जेल

पुलिस ने मामले की गहन जांच की और जल्द ही समीर और शोएब को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उन्होंने जुर्म कबूल कर लिया। दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। डीसीपी पूर्व सत्यजीत गुप्ता के मुताबिक, अरबाज और शोएब के बीच पहले से पुरानी रंजिश थी, जिसे समीर ने अपने फायदे के लिए भड़काया।
मां की ममता का दर्द
बेटे की मौत से मां मेहनाज़ खातून का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने कहा, “मैंने उसे मना किया था कि रात में मत जाओ, लेकिन वो नहीं माना… अब कभी लौटकर नहीं आएगा।” अरबाज की मौत से उसके घर में कोहराम मचा हुआ है। भाई सोहेल और सलमान, बहनें खुशबू, खुशी और आलिया का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे मोहल्ले में इस घटना के बाद डर और आक्रोश का माहौल है।
Also Read : रूस में बड़ा विमान हादसा, अंगारा एयरलाइंस का प्लेन क्रैश, सभी 49…

