‘रोबोट की बात तो नहीं कर रहे…’, 90 घंटे के वर्क ऑवर पर अखिलेश यादव ने कसा तंज

Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर निशाना साधते हुए 90 घंटे काम करने की सलाह को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था में प्रगति का लाभ केवल कुछ गिने-चुने लोगों को मिलेगा, तो आम जनता को इससे क्या फायदा होगा।

अखिलेश यादव ने अपने ट्वीट में लिखा, “प्रिय युवा कर्मचारियों, जो लोग आपको 90 घंटे काम करने की सलाह दे रहे हैं, क्या वे इंसान की जगह रोबोट की बात कर रहे हैं? इंसान तो जज़्बात और परिवार के साथ जीना चाहता है।” उन्होंने आगे कहा कि जब अर्थव्यवस्था की प्रगति का फायदा कुछ गिने-चुने लोगों को ही मिलना है, तो इससे आम जनता को कोई विशेष लाभ नहीं होने वाला।

बीजेपी पर साधा निशाना

सपा प्रमुख ने यह भी कहा, “सच्चा आर्थिक न्याय यही है कि समृद्धि का लाभ सबको बराबरी से मिले, लेकिन भाजपा सरकार में यह संभव नहीं है।” उन्होंने मनोरंजन और फिल्म उद्योग की भूमिका पर भी जोर देते हुए कहा, “मनोरंजन और फिल्म उद्योग भी अरबों रुपए अर्थव्यवस्था में जोड़ते हैं, और ये क्षेत्र लोगों को मानसिक रूप से ताजगी और ऊर्जा प्रदान करता है, जिससे उनकी कार्यक्षमता में सुधार होता है।”

अखिलेश यादव ने जोर देते हुए कहा, “युवाओं के पास सिर्फ़ हाथ-पैर नहीं, बल्कि एक दिल भी होता है जो खुलकर जीना चाहता है। काम की घंटों की बात नहीं, बल्कि दिल लगाकर काम करने की बात है। क्वांटिटी नहीं, क्वॉलिटी ऑफ वर्क सबसे जरूरी है।” उन्होंने यह भी सवाल किया कि जो लोग आज युवाओं को 90 घंटे काम करने की सलाह दे रहे हैं, क्या उन्होंने अपने समय में यह किया था? और अगर किया था, तो आज हमारी अर्थव्यवस्था इतनी कम क्यों है।

अखिलेश यादव ने अंत में कहा, “अगर भाजपा का भ्रष्टाचार आधा भी कम हो जाए तो हमारी अर्थव्यवस्था अपने आप दोगुनी हो जाएगी।”

Also Read: फ्लाइट से लखनऊ आए थे मुंबई के चोर, महंगे होटल में ठहरे और… पुलिस ने बिगाड़ दिया खेल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.