सशस्त्र सेना झंडा दिवस: शौर्य और बलिदान को सलाम, राजनाथ सिंह ने की खुले दिल से दान की अपील
Sandesh Wahak Digital Desk: रविवार को पूरे देश में सशस्त्र सेना झंडा दिवस (Armed Forces Flag Day) पूरे सम्मान के साथ मनाया जा रहा है। यह दिन भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना के वीर जवानों के अदम्य साहस, धैर्य और राष्ट्र के प्रति उनके सर्वोच्च बलिदान को याद करने और उन्हें सम्मान देने का अवसर है। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह समेत कई केंद्रीय मंत्रियों और मुख्यमंत्रियों ने इस अवसर पर भारतीय सशस्त्र बलों के वीर कर्मियों को सलाम किया और शुभकामनाएं दीं।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि वह सशस्त्र बलों की वीरता और बलिदान को सलाम करते हैं। उनका साहस हमारे राष्ट्र की रक्षा करता है और उनकी निस्वार्थ सेवा हमें उस ऋण की याद दिलाती है जिसे हम कभी नहीं चुका सकते। मैं सभी से सशस्त्र सेना झंडा दिवस कोष में उदारतापूर्वक योगदान देने का आग्रह करता हूँ। उन्होंने कहा कि हमारा यह समर्थन उनके समर्पण का सम्मान करता है और उन परिवारों को मजबूती देता है, जो हमारी रक्षा करते हैं।
केंद्रीय मंत्रियों ने भी किया नमन
अन्य केंद्रीय मंत्रियों ने भी सैनिकों की अटूट प्रतिबद्धता को सलाम किया। पीयूष गोयल ने कहा, हम अपने बहादुर सैनिकों, उनके बलिदान और हमारे राष्ट्र की सुरक्षा के लिए अटूट प्रतिबद्धता का सम्मान करते हैं। हम देश के प्रति उनकी सेवा के सदैव ऋणी रहेंगे। जय हिंद की सेना।
प्रह्लाद जोशी ने सैनिकों के बेजोड़ साहस का सम्मान किया और कहा कि उनका समर्पण प्रत्येक नागरिक को एकता और सेवा बनाए रखने के लिए प्रेरित करता है। नितिन गडकरी ने सैनिकों और पूर्व सैनिकों के साथ ही उनके परिवारों के बलिदान का भी सम्मान किया। उन्होंने कहा, उनका साहस, कर्तव्य और समर्पण हर दिन हमारे राष्ट्र की रक्षा करता है।
Also Read: VIDEO: ‘मैं वापस मोटा हो जाऊंगा…’ केक देखकर रोहित शर्मा का मज़ेदार रिएक्शन, कोहली भी हंस पड़े

