लखनऊ में ‘हथियारबंद’ चोर गिरोह का भंडाफोड़, पिस्टल, बम और जेवरात के साथ 4 गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ कमिश्नरेट की मड़ियांव पुलिस को आज एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। मुखबिर की सटीक सूचना पर आईआईएम (IIM) तिराहे के पास से पुलिस ने एक अपाचे बाइक पर सवार चार बदमाशों को दबोचा। इनके पास से जो सामान बरामद हुआ, उसने पुलिस के भी होश उड़ा दिए।

हॉस्पिटल रिसेप्शनिस्ट और प्लंबर निकले ‘मास्टरमाइंड’

हैरानी की बात यह है कि पकड़े गए आरोपी सामान्य कामकाज की आड़ में इस काले धंधे को अंजाम दे रहे थे। नवाब अली उर्फ सलमान गिरोह का मुख्य सदस्य, जो सुमित्रा हॉस्पिटल में रिसेप्शनिस्ट का काम करता था। आफताब इलेक्ट्रॉनिक का काम जानता था। अफरोज और शमशुल ये दोनों प्लंबर का काम करते थे। ये लोग दिन में रेकी करते थे कि कौन सा घर बंद है और रात को लोहे की रॉड से ताला तोड़कर हाथ साफ कर देते थे।

मौत का सामान: पिस्टल से लेकर सुतली बम तक बरामद

अवैध असलहे: 2 पिस्टल (9mm और .32 बोर), 2 तमंचे और 23 जिंदा कारतूस।

विस्फोटक: 8 खतरनाक सुतली बम।

चोरी का माल: सोने का हार, नथ, अंगूठी, चेन, झुमकी सहित भारी मात्रा में जेवरात, 10,000 रुपये नकद और एक चोरी की अपाचे बाइक।

इन इलाकों में दी थी वारदातों को अंजाम

पूछताछ में आरोपियों ने कुबूल किया कि उन्होंने मड़ियांव, ठाकुरगंज, दुबग्गा और बीकेटी (BKT) जैसे इलाकों में चोरी की कई घटनाओं को अंजाम दिया है। वे चोरी के जेवरात राहगीरों को सस्ते में बेचकर अपने महंगे शौक पूरे करते थे।

मड़ियांव पुलिस ने इनके खिलाफ चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत आधा दर्जन से अधिक नए मुकदमे दर्ज किए हैं। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जा रहा है। पुलिस अब इनके पुराने आपराधिक इतिहास और गिरोह के अन्य संपर्कों की पड़ताल कर रही है।

Also Read: लखनऊ: विकासनगर ‘ब्लाइंड मर्डर’ मिस्ट्री सुलझी, 1289 CCTV कैमरों की मदद से पकड़े गए 3 हत्यारे

Get real time updates directly on you device, subscribe now.