अरुणाचल में मजदूरों से भरा ट्रक खाई में गिरा, 22 की मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: अरुणाचल प्रदेश के अंजॉ जिले में गुरुवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। मजदूरों से भरा एक ट्रक चकलागम इलाके में पहाड़ी से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में ट्रक में सवार सभी 22 मजदूरों की मौत हो गई है। जानकारी के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त ट्रक में सवार 22 में से 19 मजदूर पड़ोसी राज्य असम के तिनसुकिया जिले के गिलापुकरी टी एस्टेट के रहने वाले थे।

बताया जा रहा है कि ये सभी मजदूर सड़क निर्माण कार्य के लिए जा रहे थे। हैलोंग-चकलागम सड़क पर मेटेलियांग के पास ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया और पहाड़ से नीचे गहरी खाई में गिर गया। हादसा दुर्गम और शहर से दूर के इलाके में हुआ। सड़क से गुजर रहे लोगों ने सबसे पहले दुर्घटना देखी और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस को घटनास्थल तक पहुंचने में काफी समय (लगभग 18 घंटे) लगा, जिसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू हो पाया। अब तक 13 मजदूरों के शव बरामद किए गए हैं, जबकि 9 अन्य लापता हैं। पुलिस का मानना है कि सभी 22 मजदूरों की मौत हो चुकी है, और वे लापता शवों की तलाश में जुटे हुए हैं।

असम के चाय बागान के थे 19 मृतक

मृतकों में से 19 मजदूरों की शिनाख्त हुई है, जो असम के तिनसुकिया जिले के गेलापुखुरी चाय बागान के रहने वाले थे। मृतकों के नाम हैं: बुद्धेश्वर दीप, राहुल कुमार, समीर दीप, जोन कुमार, पंकज मानकी, अजय मानकी, विजय कुमार, अभय भूमिज, रोहित मानकी, बीरेंद्र कुमार, अगर ताती, धीरेन चेतिया, रजनी नाग, दीप गौला, रामचबक सोनार, सोनातन नाग, संजय कुमार, करण कुमार और जोनास मुंडा।

Also Read: इंडिगो एयरलाइन की बड़ी घोषणा, यात्रियों को मिलेगा 10 हजार का मुआवजा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.