Asia Cup 2025: टीम से बाहर होंगे गिल और सिराज, यशस्वी बन सकते हैं बैकअप ओपनर
Sandesh Wahak Digital Desk: भारतीय क्रिकेट फैन्स की निगाहें 19 अगस्त (मंगलवार) को घोषित होने वाली एशिया कप 2025 की टीम पर टिकी हैं।
भारतीय चयन समिति की अहम बैठक मुंबई में होने जा रही है, जिसमें टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव के भी शामिल होने की उम्मीद है। यह मीटिंग आगामी एशिया कप के लिए 15 सदस्यीय टीम का ऐलान करने के लिए बुलाई गई है, और इस बार कुछ चौंकाने वाले फैसले देखने को मिल सकते हैं।
शुभमन गिल का चयन मुश्किल, यशस्वी जायसवाल को मिल सकती है जगह
क्रिकबज़ की रिपोर्ट के मुताबिक, टेस्ट कप्तान शुभमन गिल का एशिया कप टीम में चयन काफी कठिन माना जा रहा है। चयनकर्ता ओपनिंग स्लॉट के लिए संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा को फर्स्ट चॉइस मान सकते हैं। वहीं यशस्वी जायसवाल को बैकअप ओपनर के रूप में टीम में शामिल किया जा सकता है।

हालांकि शुभमन भी बैकअप की रेस में बने हुए हैं, लेकिन फिलहाल यशस्वी का पलड़ा भारी माना जा रहा है। कोच गौतम गंभीर यदि शुभमन के पक्ष में मजबूती से खड़े होते हैं, तो समीकरण बदल सकते हैं।
शानदार फॉर्म के बावजूद गिल को नहीं मिल रही प्राथमिकता
गिल ने हाल ही में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज़ में 754 रन बनाकर धमाकेदार प्रदर्शन किया था। इसके अलावा आईपीएल 2025 में भी उन्होंने 650 रन बनाए थे।
इसके बावजूद टी20 फॉर्मेट में उनकी जगह सुनिश्चित नहीं मानी जा रही। चयनकर्ता इस बार अभिषेक और संजू की हालिया टी20 फॉर्म को तवज्जो देना चाहते हैं।
बल्लेबाजी क्रम में ये खिलाड़ी हो सकते हैं शामिल
टीम में बल्लेबाजों के रूप में सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा का नाम तय माना जा रहा है। एक अन्य स्लॉट के लिए शिवम दुबे और रिंकू सिंह के बीच कड़ी टक्कर मानी जा रही है।
शिवम दुबे को थोड़ी बढ़त इसलिए मिल सकती है क्योंकि वह गेंदबाजी में भी योगदान दे सकते हैं। वहीं, श्रेयस अय्यर के चयन की संभावना कम है।
विकेटकीपिंग विभाग में संजू सैमसन के साथ जितेश शर्मा को बैकअप के तौर पर टीम में जगह मिल सकती है, जिन्होंने आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए बेहतरीन प्रदर्शन किया।
गेंदबाजी में भी हो सकते हैं बड़े बदलाव
हालिया टेस्ट सीरीज़ में इंग्लैंड के खिलाफ सर्वाधिक विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को भी टीम से बाहर किया जा सकता है।
फास्ट बॉलिंग अटैक की कमान जसप्रीत बुमराह संभालेंगे, जबकि अर्शदीप सिंह की जगह पक्की मानी जा रही है। प्रसिद्ध कृष्णा और हर्षित राणा में से किसी एक को मौका मिल सकता है।
स्पिन डिपार्टमेंट में ये होंगे शामिल
स्पिन विभाग में कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई और उप-कप्तान अक्षर पटेल का चयन तय माना जा रहा है। साथ ही वॉशिंगटन सुंदर को भी एक विकल्प के तौर पर टीम में शामिल किया जा सकता है।
ऑलराउंडर के रूप में हार्दिक पंड्या की वापसी
हार्दिक पंड्या बतौर प्रमुख ऑलराउंडर टीम में अपनी जगह बनाए रखेंगे, जबकि अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी की वापसी की संभावना बहुत कम है।

