Asia Cup 2025: भारत ने ओमान को 21 रन से हराया, अब पाकिस्तान से होगी सुपर-4 की भिड़ंत

Sandesh Wahak Digital Desk: एशिया कप 2025 के अपने आखिरी ग्रुप मैच में ओमान पर जीत के बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने एक बार फिर पाकिस्तान को ललकारा।

अबू धाबी के शेख जायद स्टेडियम में भारतीय टीम ने ओमान को 21 रनों से हराकर सुपर 4 में अपराजित रहते हुए प्रवेश किया। अब सूर्या एंड कंपनी सुपर-4 के अपने पहले मैच में पाकिस्‍तान से टकराएगी। रविवार, 21 सितंबर को यह भिड़ंत दुबई के मैदान पर होगी।

भारत ने ओमान को 21 रन से हरा दिया। हालांकि, यह जीत टीम इंडिया के लिए इतनी आसान नहीं थी, जितनी स्कोर देखकर लगती है।

ओमान के बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक समय मुकाबले को बेहद रोमांचक बना दिया था, जिससे भारतीय फैंस की धड़कनें तेज़ हो गई थीं।

भारत ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 188 रन बनाए, जो इस टूर्नामेंट का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। जवाब में ओमान की टीम ने साहसिक खेल दिखाया और 167 रन तक पहुँच गई।

Asia Cup 2025

ओमान के लिए आमिर कलीम और हम्माद मिर्जा की 93 रनों की साझेदारी ने मैच को भारत की पकड़ से लगभग बाहर कर दिया था।

आमिर कलीम ने 46 गेंदों पर 64 रन बनाए, जबकि हम्माद मिर्जा ने सिर्फ 30 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। अंतिम तीन ओवरों में ओमान को जीत के लिए 48 रनों की दरकार थी।

तभी 18वें ओवर की चौथी गेंद पर आमिर कलीम ने शानदार शॉट खेला, लेकिन बाउंड्री पर हार्दिक पांड्या ने बेहतरीन कैच लपक कर मैच का रुख पलट दिया। इसके बाद ओमान ने जल्दी-जल्दी अपने तीन विकेट गंवा दिए और भारत ने मौके का फायदा उठाते हुए जीत सुनिश्चित की।

आमिर कलीम ने रचा इतिहास

इस मुकाबले में एक नया रिकॉर्ड भी बना। ओमान के अनुभवी बल्लेबाज़ आमिर कलीम टी20 एशिया कप के इतिहास में अर्धशतक लगाने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए।

उन्होंने यह कारनामा 43 साल और 303 दिन की उम्र में किया। इससे पहले यह रिकॉर्ड अफगानिस्तान के मोहम्मद नबी के नाम था, जिन्होंने इसी टूर्नामेंट में श्रीलंका के खिलाफ 40 साल और 260 दिन की उम्र में फिफ्टी बनाई थी।

ओमान ने दिल जीता

एशिया कप में पहली बार खेल रही ओमान की टीम भले ही ग्रुप स्टेज के तीनों मुकाबले हार गई, लेकिन भारत के खिलाफ बेखौफ प्रदर्शन कर उन्होंने क्रिकेट प्रशंसकों का दिल जरूर जीत लिया है।

आमिर कलीम और हम्माद मिर्जा की जुझारू पारी ने बता दिया कि ओमान की टीम आने वाले समय में किसी को भी चौंका सकती है।

Also Read: Asia Cup 2025: ACC का बड़ा कदम, मीडिया को जारी किए नए दिशानिर्देश

Get real time updates directly on you device, subscribe now.