Asia Cup 2025: भारत-पाक मैच से पहले राष्ट्रगान में गड़बड़ी, ‘जलेबी बेबी’ गाना बजने से मचा बवाल
Sandesh Wahak Digital Desk: एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच खेले गए बहुप्रतीक्षित मुकाबले में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को 7 विकेट से मात दी।
हालांकि, मैच शुरू होने से ठीक पहले एक गंभीर चूक ने इस हाईवोल्टेज मुकाबले को विवादों के घेरे में ला खड़ा किया।
टॉस के बाद जब दोनों टीमें राष्ट्रगान के लिए मैदान पर मौजूद थीं, उस वक्त आयोजकों की ओर से बड़ी तकनीकी गड़बड़ी देखने को मिली।
पाकिस्तान के राष्ट्रगान की जगह डीजे ने गलती से अमेरिकी पॉप गायक जेसन डेरुलो का हिप-हॉप सॉन्ग ‘जलेबी बेबी’ बजा दिया।
यह देखकर पाकिस्तानी खिलाड़ी और दर्शक हैरान रह गए। कुछ ही सेकंड में गलती सुधारी गई और सही राष्ट्रगान बजाया गया, लेकिन तब तक माहौल बिगड़ चुका था।
सोशल मीडिया पर नाराजगी और आलोचना
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। पाकिस्तानी फैन्स और कई पूर्व क्रिकेटर्स ने इस गलती को ‘गंभीर और अस्वीकार्य’ बताया, खासकर भारत-पाक जैसे संवेदनशील मुकाबले में।
कई लोगों ने आयोजन समिति की लापरवाही पर सवाल उठाते हुए इस चूक के लिए माफी की मांग की।
मैच पर असर नहीं, लेकिन विवाद बना रहा केंद्र में
हालांकि, इस तकनीकी चूक का असर खेल पर नहीं पड़ा और मैच पूरी तरह नियमों के तहत खेला गया, लेकिन राष्ट्रगान के समय हुई इस चूक ने आयोजन की गंभीरता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पाकिस्तान के खिलाड़ी घटना के बाद कुछ समय तक असहज नजर आए, वहीं भारतीय दर्शकों ने सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर चुटकी भी ली।
आयोजकों की ओर से सफाई का इंतजार
अब तक आयोजकों की ओर से इस मसले पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
हालांकि क्रिकेट के जानकारों का मानना है कि भारत-पाक जैसे मुकाबलों में इस तरह की तकनीकी लापरवाही से बचना बेहद जरूरी है।
क्योंकि यह केवल खेल नहीं, बल्कि दोनों देशों की भावनाओं से भी जुड़ा होता है।
Also Read: क्या हरभजन सिंह को BCCI में मिलेगा बड़ा पद? एशिया कप के बीच चौंकाने वाला फैसला

